आलापुर अंबेडकर नगर। जहांगीरगंज नगर पंचायत वार्ड-आठ के सभासद शशिकांत दूबे की आबादी की जमीन पर प्रशासन द्वारा बुलडोजर चलाने से नाराज नगर पंचायत अध्यक्ष सुनीता देवी ने आधा दर्जन सभासदों के साथ नगर पंचायत कार्यालय पर धरना दिया। इस दौरान मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन भी सौंपा गया और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की गई।
सभासद शशिकांत दूबे ने बताया कि मामपुर गांव में सड़क किनारे स्थित उनके पैतृक मकान पर बीते कई दशकों से विद्यालय संचालित होता रहा है। लेकिन एक व्यक्ति द्वारा बैनामा कराई गई जमीन के विवाद के चलते उक्त स्थल को पीडब्ल्यूडी की जमीन दिखाकर पहले मकान का हिस्सा गिराया गया और फिर 26 जून को बची हुई दीवार पर भी बुलडोजर चला दिया गया। सभासद का आरोप है कि भूमाफिया उमाशंकर चतुर्वेदी द्वारा जनसूचना अधिकार के माध्यम से प्राप्त जानकारी को अदालत में प्रस्तुत कर कार्रवाई कराई गई। हालांकि उपजिलाधिकारी द्वारा पहले बची हुई 7 फीट जमीन को वैध बताया गया था, फिर भी उसे भी गिरा दिया गया।
नगर पंचायत अध्यक्ष सुनीता देवी ने कहा कि यह कार्यवाही पक्षपातपूर्ण और गलत है। उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की कि दोषी अधिकारियों व दबंगों पर सख्त कार्रवाई की जाए। धरने में सभासद सुमित्रा, नरेंद्र, बालगोविंद, पूजा, संतोष सहित कई गणमान्य लोग शामिल रहे।