Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अम्बेडकर नगर तिघरा गांव के पास मिला युवक का रक्तरंजित शव, क्षेत्र में मची...

तिघरा गांव के पास मिला युवक का रक्तरंजित शव, क्षेत्र में मची सनसनी

0

जलालपुर अंबेडकर नगर। जैतपुर थाना क्षेत्र के तिघरा गांव के निकट गुरुवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब ग्रामीणों ने एक सुनसान स्थान पर स्थित स्कूल के पास झाड़ियों में एक युवक का खून से लथपथ शव पड़ा देखा। देखते ही देखते घटना की भनक पूरे इलाके में फैल गई और मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। सूचना पर पुलिस भी तुरंत पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी।

मृतक की पहचान आजमगढ़ जनपद के हंसापुर गांव निवासी 24 वर्षीय राजकमल उर्फ बंटी पुत्र स्व. रामजी यादव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि युवक अपनी परिवार का इकलौता बेटा था, जबकि उसकी दो बहनें इलाहाबाद में रहती हैं। मृतक के नाक पर चोट के गहरे निशान पाए गए हैं तथा आसपास खून के धब्बे मिलने से आशंका जताई जा रही है कि उसकी मौत किसी मारपीट या हमले के दौरान हुई होगी।

घटना स्थल से पुलिस को एक पल्सर मोटरसाइकिल और मृतक का मोबाइल फोन भी बरामद हुआ है। शव की पहचान होने के बाद मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंचे, लेकिन घटना के संदर्भ में वे कुछ भी स्पष्ट तौर पर बताने से बचते दिखे।

थाना अध्यक्ष धीरेंद्र आजाद ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम हेतु भेजा जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। उन्होंने कहा कि पुलिस हर पहलू पर सावधानीपूर्वक जांच कर रही है।

इधर घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाओं का बाजार गर्म है। ग्रामीण इसे संदिग्ध परिस्थितियों में हुई हत्या मान रहे हैं। फिलहाल पुलिस भी मामले पर आधिकारिक रूप से कुछ कहने से परहेज कर रही है, लेकिन जांच जारी है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version