Monday, September 7, 2026
HomeUncategorized सेवा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन करेगी भाजपा

 सेवा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन करेगी भाजपा


◆ प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने पर भाजपा चलाएगी अभियान


◆ 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा अभियान, भाजपा की कार्यशाला में बनी रूपरेखा


अयोध्या। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भाजपा उनके जन्मदिन 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाएगी। एक माह के इस अभियान में सेवा, जनसंपर्क, जनभागीदारी, महिला एवं बाल कल्याण, लाभार्थी संपर्क, युवा सहभागिता, नवाचार और सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रम होंगे। इसी अभियान को लेकर भाजपा की कार्यशाला सर्किट हाउस में आयोजित की गई।



अभियान के लिए महानगर जिला महामंत्री शैलेन्द्र कोरी को संयोजक बनाया गया है। विधायक वेद प्रकाश गुप्ता, जिला उपाध्यक्ष शशि प्रताप सिंह, आकाश सिंह और प्रतिमा शुक्ला को सह संयोजक की जिम्मेदारी दी गई है। कार्यशाला में भाजपा प्रदेश महामंत्री अवधेश श्रीवास्तव ने कार्यकर्ताओं को अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक विभिन्न कार्यक्रम चरणबद्ध तरीके से होंगे। उन्होंने बताया कि 17 सितंबर को अभियान की शुरुआत ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम से होगी। 17 सितम्बर को कार्यकर्ता घर-घर जाकर आशीर्वाद का दिया प्रज्जवलित करने के लिए आवाहन करेंगे।

उन्होंने बताया कि 17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक बच्चों और युवाओं को जोड़ने के लिए सेवा कार्यों तथा विकसित भारत विषय पर चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। स्कूलों में प्रदर्शनियां और पुरस्कार कार्यक्रम भी होंगे। इसी अवधि में ‘सेवा स्मरण’ के तहत प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सेवा कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं को सांस्कृतिक एवं नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से लोगों तक पहुंचाया जाएगा।

महानगर अध्यक्ष श्रीवास्तव ने बताया कि 25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम होगा। आंगनबाड़ी केंद्रों पर माताओं और बच्चों को जोड़ते हुए पोषण, स्वास्थ्य तथा महिला एवं बाल कल्याण योजनाओं के प्रति जागरूक किया जाएगा। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और आशा कार्यकर्ताओं का सम्मान भी किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि पूरे अभियान के दौरान ‘कहानी बदलाव की’ के तहत सरकारी योजनाओं से लाभान्वित लोगों की वास्तविक कहानियां सामने लाई जाएंगी। वहीं ‘सेवा मेरा योगदान’ में नागरिक कम से कम 25 मिनट किसी सेवा गतिविधि में योगदान देंगे। रक्तदान, पौधरोपण, स्वच्छता, स्वास्थ्य, शिक्षा, जल संरक्षण, साइबर सुरक्षा सहित 25 सेवा गतिविधियों को इसमें शामिल किया गया है। सेवा सेतु’ के तहत विधानसभा और ब्लॉक स्तर पर शिविर लगाकर पात्र लोगों को केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं से जोड़ने का प्रयास होगा।

कार्यशाला में महामंत्री परमानंद मिश्र, बालकृष्ण वैश्य, रवि शर्मा, अरविन्द सिंह, रवि सिंह, शिवम् शुक्ला, मंडल अध्यक्ष हेमंत जायसवाल, मुकेश तिवारी, कपिल देव वर्मा, रवि सोनकर सहित महानगर के पदाधिकारी मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments