◆ स्वतंत्रता दिवस के एक दिन पूर्व नगर पंचायत क्षेत्र में चेयरमैन के नेतृत्व में निकाली गई तिरंगा यात्रा रही यादगार
बसखारी अंबेडकर नगर। क्षेत्र में 79 वे स्वतंत्रता दिवस को मनाने के लिए शहर के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी लोग उत्साहित हैं। सरकारी, अर्द्ध सरकारी, कार्यालयों, विद्यालयों के साथ क्षेत्र के नागरिकों ने अपने-अपने घरों पर झंडा रोहण कर इस राष्ट्रीय पर्व को धूमधाम के साथ मनाया। स्वतंत्रता दिवस उत्सव को ऐतिहासिक बनाने के लिए शासन ,प्रशासन, नेताओं एवं विद्यालयों के द्वारा एक पखवाड़े से ही तिरंगा यात्रा निकाल कर इस राष्ट्रीय पर्व के प्रति लोगों को जागरुक करने का प्रयास जारी रहा।
स्वतंत्रता दिवस के एक दिन पूर्व काफी स्थानों पर तिरंगा यात्रा निकाला गया।नगर पंचायत अध्यक्ष ओमकार गुप्ता के नेतृत्व में किछौछा में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। जिसमें सैकड़ो लोग देशभक्ति से ओतप्रोत गीतों व वंदे मातरम के गगन भेदी जय घोष के साथ शामिल हुए। तो वही नगर पंचायत अध्यक्ष ओंमकार गुप्ता के द्वारा 15 अगस्त राष्ट्रीय पर्व के दिन नगर पंचायत कर्मचारियों, सभासदों व नेताओं की मौजूदगी में नगर पंचायत कार्यालय पर झंडा रोहण कर लोगों में मिष्ठान वितरण करते हुए राष्ट्रीय पर्व को धूमधाम के साथ मनाया गया।
इसके बाद नगर पंचायत अध्यक्ष ओमकार गुप्ता ने क्षेत्र के कई विद्यालयों में पहुंचकर विद्यालयों के द्वारा आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम को भी आजादी के वीर सपूतों को याद करते हुए संबोधित किया और स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विकासखंड कार्यालय, बसखारी थाना परिसर, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बसखारी, डॉ राम लखन स्मारक विद्यालय शुक्ल बाजार, राम अवध स्मारक महाविद्यालय कसदहा शुक्ल बाजार, गायत्री एवं संस्कृत विद्यालय भटपुरवा, हीरालाल जायसवाल इंटर कॉलेज किछौछा, जूनियर हाई स्कूल बसखारी, जूनियर हाई स्कूल किछौछा, प्राथमिक विद्यालय बसखारी, प्राथमिक विद्यालय शुकुल बाजार आदि विद्यालय, बैंक, निजी कार्यालय एवं आवासों पर लोगो ने झंडारोहण कर राष्ट्रीय पर्व को धूमधाम के साथ मनाया गया। विद्यालयों में छात्र-छात्राओं के द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए।स्वतंत्रता दिवस समारोहों में जन गण मन राष्ट्रगान के साथ वंदे मातरम और अन्य देशभक्ति गीत भी वातावरण में गुंजमान रहे।
राष्ट्रीय पर्व पर नगर पंचायत अध्यक्ष ने शीतल शुद्ध पेयजल (आर ओ) का जनता को दिया तोहफा
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष ओंमकार गुप्ता की मौजूदगी में अशरफपुर किछौछा वार्ड भेड़िया में स्थित मंदिर प्रांगण में लगे शुद्ध पेयजल का उद्घाटन वार्ड सभासद शरीफ व भाजपा नेता राजेंद्र प्रसाद निषाद ने कर लोगों को समर्पित किया। उद्घाटन के दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष ओंमकार गुप्ता का सभासदों व अन्य स्थानीय लोगों ने माला पहनकर स्वागत किया। और शुद्ध पेयजल की व्यवस्था आर ओ सिस्टम को जनता को समर्पित करने के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।