जलालपुर, अंबेडकर नगर। कटका थाना क्षेत्र के अजमलपुर गांव में सार्वजनिक रास्ते पर पड़े अवैध निर्माण के मलबे को प्रशासन ने सोमवार को हटवा दिया। मलबा पड़े होने से ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। शिकायत के बाद राजस्व विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर रास्ता साफ कराया।
बताया जाता है कि करीब दो वर्ष पूर्व अजमलपुर गांव निवासी दीप नारायण शर्मा और विनोद शर्मा द्वारा सार्वजनिक रास्ते की गाटा संख्या 837 पर अवैध निर्माण किए जाने की शिकायत गांव निवासी अरविंद शर्मा ने प्रशासन से की थी। जांच के बाद प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माण को गिरवा दिया था, लेकिन उसका मलबा रास्ते से नहीं हटाया गया था। इससे लंबे समय से ग्रामीणों का आवागमन प्रभावित हो रहा था।
इस संबंध में शिकायतकर्ता अरविंद शर्मा ने उप जिलाधिकारी से सार्वजनिक रास्ते में पड़े मलबे को हटवाने की मांग की थी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने नायब तहसीलदार के नेतृत्व में टीम गठित कर मलबा हटवाने के निर्देश दिए।
सोमवार दोपहर करीब दो बजे नायब तहसीलदार उत्कर्ष सिंह के नेतृत्व में राजस्व एवं पुलिस टीम अजमलपुर गांव पहुंची। टीम ने सार्वजनिक रास्ते पर पड़े मलबे को हटवाकर रास्ते को आवागमन के लिए सुचारु कराया।
इस दौरान कटका थानाध्यक्ष अजय पटेल, राजस्व निरीक्षक सुभाष चंद्र, लेखपाल दिनेश कुमार, बृजेश कुमार वर्मा समेत राजस्व विभाग और पुलिस के कर्मचारी मौजूद रहे।