जलालपुर, अम्बेडकर नगर। शादी का झांसा देकर किशोरी से लगातार दुराचार करने और अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने के मामले में पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया है। जलालपुर कोतवाली पुलिस ने यह कार्रवाई रविवार को की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोतवाली क्षेत्र की एक गांव निवासी किशोरी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह सम्मनपुर थाना क्षेत्र स्थित एक निजी विद्यालय में पढ़ाई करती थी। वहीं पढ़ने वाले युवक राजबाबू उर्फ राज निवासी मोइनुद्दीनपुर, थाना सम्मनपुर ने उसे प्रेमजाल में फंसाकर शादी का झांसा दिया और शारीरिक शोषण करता रहा। किशोरी का आरोप है कि युवक ने इस दौरान उसका आपत्तिजनक वीडियो भी बना लिया और बाद में वीडियो वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करता रहा।
पीड़िता ने बताया कि जब उसने युवक से विवाह करने की बात कही, तो उसने बात करना बंद कर दिया और शादी से भी इनकार कर दिया। मानसिक रूप से आहत किशोरी ने अंततः न्याय की आस में जलालपुर कोतवाली में तहरीर दी।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुराचार और आईटी एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की। इसी क्रम में रविवार को मुखबिर की सूचना पर आरोपी राजबाबू को पट्टी चौराहे के पास सुरहुरपुर रोड से गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में कोतवाल संतोष कुमार सिंह, उपनिरीक्षक गुलाम रसूल व राम किशोर सिंह शामिल रहे। कोतवाल संतोष कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी को विधिक कार्रवाई पूर्ण कर न्यायालय भेज दिया गया है।