अम्बेडकर नगर। रमाबाई राजकीय महिला महाविद्यालय में गुरुवार को 27वां वार्षिकोत्सव, पुरस्कार वितरण समारोह एवं शिक्षक-अभिभावक समागम हर्षोल्लास के साथ आयोजित हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ हरिओम पाण्डेय, सदस्य विधान परिषद अयोध्या, ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. अरविंद कुमार वर्मा ने मुख्य अतिथि का पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया। विशिष्ट अतिथि रामनाथ राम का भी सम्मान किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। अंशिका मिश्रा व अंजली भट्ट के नृत्य व गीत ने खूब तालियां बटोरीं। समूह नृत्य में होली गीत की प्रस्तुति आकर्षण का केंद्र रही।
‘सांस्कृतिक रश्मियां’ शीर्षक नृत्य-नाटिका में पौराणिक कथाओं से लेकर आधुनिक भारत की प्रगति तक की झलक प्रस्तुत की गई। ‘मेधावी अलंकरण सत्र’ में शैक्षणिक व सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को मुख्य अतिथि ने प्रमाण पत्र व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।
अपने संबोधन में डॉ. पाण्डेय ने छात्र-शिक्षक संबंधों की महत्ता बताते हुए छात्राओं को राष्ट्र सेवा व आत्मबल के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। प्राचार्य प्रो. वर्मा ने कहा कि शिक्षा से ही व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास संभव है। संचालन डॉ. सीमा यादव व धन्यवाद ज्ञापन डॉ. सुनीता सिंह ने किया। कार्यक्रम में शिक्षक, अभिभावक व छात्राएं बड़ी संख्या में मौजूद रहीं।