Monday, August 24, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअयोध्याआंधी-बारिश में छप्पर बना काल, बच्चे और युवती की मौत

आंधी-बारिश में छप्पर बना काल, बच्चे और युवती की मौत


◆ बीकापुर के भुलईपुर निधियांमां में हादसा, बारिश से बचने के लिए छप्पर के नीचे बैठे थे दोनो


अयोध्या। बीकापुर क्षेत्र में सोमवार दोपहर मौसम का बदला मिजाज दो परिवारों के लिए मातम लेकर आया। तेज आंधी और बारिश के बीच भुलईपुर निधियांमां ग्राम पंचायत में एक छप्पर अचानक भरभराकर गिर गया। इसके नीचे बारिश से बचने के लिए बैठे एक बच्चे और 20 वर्षीय युवती की दबकर मौत हो गई। हादसा दोपहर करीब तीन बजे हुआ।

बताया गया कि बारिश शुरू होने पर दोनों छप्पर के नीचे बैठे थे। इसी दौरान तेज हवा चली और देखते ही देखते छप्पर भरभराकर उनके ऊपर आ गिरा। अचानक हुए हादसे से मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल मलबा हटाकर दोनों को बाहर निकाला और गंभीर हालत में एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हैरिंग्टनगंज पहुंचाया। हालांकि चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।

मृतकों में 20 वर्षीय वंदना भी शामिल है। ग्रामीणों के अनुसार, वंदना मजदूरी कर अपनी मां, दो बहनों और एक भाई की जिम्मेदारी संभाल रही थी। उसके पिता राम नरेश की करीब चार वर्ष पहले मौत हो चुकी थी। हादसे में जान गंवाने वाला बच्चा पांच भाइयों और तीन बहनों में चौथे नंबर पर था। दो मौतों की खबर से दोनों परिवारों में कोहराम मच गया।


मौके पर पहुंची पुलिस और राजस्व टीम


हादसे की सूचना मिलते ही बीकापुर कोतवाल देवेंद्र पांडेय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

एसडीएम बीकापुर संतोष कुमार, सीओ सुनील कुमार सिंह और नायब तहसीलदार रामखेलावन भी राजस्व टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने पीड़ित परिवारों से घटना की जानकारी ली और उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।


पल भर में छिन गई जिंदगी


तेज हवा और बारिश से बचने के लिए जिस छप्पर के नीचे दोनों ने आसरा लिया था, वही उनके लिए काल बन गया। अचानक छप्पर गिरने से उन्हें संभलने तक का मौका नहीं मिला। एक ही हादसे में दो लोगों की मौत से गांव में मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments