Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अम्बेडकर नगर आकाशीय बिजली की चपेट में आने से किशोर की मौत, दो बहनें...

आकाशीय बिजली की चपेट में आने से किशोर की मौत, दो बहनें गंभीर रूप से झुलसी

0
ayodhya samachar

अंबेडकर नगर। इब्राहिमपुर थाना क्षेत्र के परसन गांव में शनिवार दोपहर मौसम का अचानक बदला मिजाज एक परिवार पर कहर बनकर टूटा। तेज बारिश के बीच आकाशीय बिजली गिरने से 14 वर्षीय किशोर की मौत हो गई, जबकि उसके साथ मौजूद दो बहनें गंभीर रूप से झुलस गईं। हादसे की खबर मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। परिजन आनन-फानन घायलों को उपचार के लिए सीएचसी टांडा ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने गंभीर हालत में रेफर कर दिया।

जानकारी के अनुसार, गांव निवासी उमेश कनौजिया का पुत्र उपेंद्र कनौजिया (14), उनकी बहन लक्ष्मी (17) और उनकी बुआ की पुत्री रंजो (21) शनिवार दोपहर घर से कुछ दूरी पर बैठे थे। इसी दौरान मौसम ने अचानक करवट ली और गरज-चमक के साथ तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए तीनों पेड़ के नीचे ही रुक गए।

बताया गया कि इसी बीच तेज गर्जना के साथ इमली के पेड़ के समीप आकाशीय बिजली गिर गई। बिजली की चपेट में आने से तीनों जमीन पर गिर पड़े और बुरी तरह झुलस गए।

घटना की सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। परिजन तीनों को तत्काल सीएचसी टांडा लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। उमेश की हालत नाजुक देखते हुए उसे  रेफर कर दिया गया, लखनऊ  ले जाते समय मौत हो गई। जबकि लक्ष्मी और रंजो का भी उपचार जारी है।

हादसे में किशोर की मौत की खबर गांव पहुंचते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, एक साथ तीन लोगों के आकाशीय बिजली की चपेट में आने की घटना से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version