जलालपुर अंबेडकर नगर। जैतपुर थाना क्षेत्र के एक गांव से एक 14 वर्षीय नाबालिग किशोरी रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गई। परिजनों की ओर से की गई शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात के विरुद्ध अपहरण का मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, गांव निवासी किशोरी के पिता ने पुलिस को बताया कि उनका एक नया मकान निर्माणाधीन है। बीते चार अगस्त को उनकी पुत्री अपने बाबा को नाश्ता देने नवनिर्मित मकान पर गई थी, लेकिन इसके बाद वह घर नहीं लौटी। काफी देर इंतजार के बाद जब कोई पता नहीं चला तो परिजनों ने आसपास तलाश शुरू की, मगर वह कहीं नहीं मिली।
परिजनों ने जब नवनिर्मित मकान पर जाकर देखा तो वहां एक मोबाइल फोन पड़ा मिला। पिता का कहना है कि उन्हें आशंका है कि उनकी बेटी किसी युवक से संपर्क में थी और संभवतः उसी के साथ चली गई है। उन्होंने यह भी बताया कि किशोरी कक्षा 10 की छात्रा है और उसकी उम्र मात्र 14 वर्ष है। काफी खोजबीन के बाद भी जब कोई जानकारी नहीं मिली तो मंगलवार को वे जैतपुर थाना पहुंचे और तहरीर दी।
थानाध्यक्ष जैतपुर वंदना अग्रहरि ने बताया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध अपहरण की धारा में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस टीम को किशोरी की तलाश में लगाया गया है और मोबाइल फोन की भी जांच की जा रही है, जिससे जल्द ही मामले का खुलासा होने की संभावना जताई जा रही है। लापता किशोरी की सकुशल वापसी को लेकर परिजनों की चिंता गहराती जा रही है।