Friday, October 16, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअयोध्याशिक्षक केवल विद्यार्थी नहीं, राष्ट्र का भविष्य गढ़ते हैं : पंकज चौधरी

शिक्षक केवल विद्यार्थी नहीं, राष्ट्र का भविष्य गढ़ते हैं : पंकज चौधरी


◆ शिक्षक मतदाता सम्मेलन में केंद्र व प्रदेश सरकार की उपलब्धियां गिनाईं, विपक्ष पर लगाया भ्रम फैलाने का आरोप


अयोध्या। अवध विश्वविद्यालय के स्वामी विवेकानंद प्रेक्षागृह में आयोजित शिक्षक मतदाता सम्मेलन में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि शिक्षक केवल शिक्षा नहीं देते, बल्कि विद्यार्थियों को जीवन की दिशा दिखाने के साथ राष्ट्र का भविष्य भी गढ़ते हैं। लोकतंत्र की असली ताकत मतदाता का विश्वास है और प्रत्येक वोट लोकतंत्र को मजबूत बनाता है। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी तर्क करती है, बातों को बेहतर ढंग से समझती है और देश के हितों के प्रति जागरूक है।

शिक्षक मतदाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए पंकज चौधरी ने केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार और प्रदेश की योगी सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की सोच शिक्षित समाज के निर्माण की है, क्योंकि समझदार और शिक्षित समाज ही राष्ट्र निर्माण में प्रभावी भूमिका निभा सकता है। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की बढ़ती भूमिका, योग दिवस के वैश्विक आयोजन और जी-20 सम्मेलन के विभिन्न राज्यों में आयोजित कार्यक्रमों का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे दुनिया को भारत की संस्कृति और सामर्थ्य को समझने का अवसर मिला है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि वर्ष 2014 से पहले भारत दुनिया की 11वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था था, जबकि अब देश पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है। कोरोना महामारी जैसी चुनौती के बावजूद भारत ने आर्थिक प्रगति की। उन्होंने कहा कि स्टार्टअप को बढ़ावा देने से युवाओं को नए उद्यम शुरू करने के अवसर मिले हैं। देश में बुनियादी ढांचे के विकास का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि बेहतर सड़कें और परिवहन व्यवस्था विकास की गति बढ़ाने के लिए आवश्यक हैं।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने गरीबों के कल्याण के लिए आवास, रसोई गैस, बिजली और कैशलेस इलाज जैसी सुविधाओं से जुड़ी योजनाएं संचालित की हैं। जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने, आतंकवाद के विरुद्ध सर्जिकल स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि भारत की सुरक्षा नीति में बदलाव आया है। उन्होंने यूपीआई को डिजिटल भुगतान के क्षेत्र में भारत की महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।

शिक्षक हितों की चर्चा करते हुए पंकज चौधरी ने कहा कि प्रदेश सरकार ने शिक्षकों के पारदर्शी स्थानांतरण की व्यवस्था की है। वित्तविहीन और स्ववित्तपोषित विद्यालयों के शिक्षकों के हितों में योजनाएं लागू की गई हैं। मृतक आश्रितों को मिलने वाले लाभ की प्रक्रिया आसान करने और ऋण भुगतान की प्रक्रिया सरल बनाने की दिशा में भी कदम उठाए गए हैं। उन्होंने ऑपरेशन कायाकल्प और प्रोजेक्ट अलंकार के माध्यम से विद्यालयों की आधारभूत संरचना मजबूत करने का उल्लेख किया।

उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में 1.65 लाख प्राथमिक शिक्षकों की भर्ती की गई है। इसके अतिरिक्त राजकीय शिक्षकों, अशासकीय शिक्षकों तथा पांच हजार से अधिक प्रधानाचार्यों के चयन का उल्लेख करते हुए उन्होंने उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग के गठन को भी महत्वपूर्ण कदम बताया।

विपक्ष पर निशाना साधते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि समाजवादी पार्टी मुद्दाविहीन हो गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष के नेता दिल्ली और उत्तर प्रदेश में अलग-अलग स्तर पर अराजकता का माहौल बनाने का प्रयास कर रहे हैं। एसआईआर को लेकर भी विपक्ष पर समाज में भ्रम फैलाने का आरोप लगाया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से 17 और 24 अक्टूबर को आयोजित होने वाले विशेष शिविरों में छूटे हुए पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में जुड़वाने में सहयोग करने की अपील की। अंत में उन्होंने शिक्षक मतदाताओं से शिक्षक एमएलसी प्रत्याशी ध्रुव त्रिपाठी के पक्ष में मतदान करने की अपील की।


विपक्ष एसआईआर पर भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहा : पंकज चौधरी


भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष के पास जनहित से जुड़े ठोस मुद्दों का अभाव है। उन्होंने आरोप लगाया कि एसआईआर को लेकर समाज में भ्रम फैलाया जा रहा है। एक नेता दिल्ली तो एक प्रदेश में अराजकता फैला रहा है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से 17 और 24 अक्टूबर को लगने वाले विशेष शिविरों में सक्रिय भागीदारी करने तथा मतदाता सूची से छूटे पात्र लोगों के नाम जुड़वाने में सहयोग करने का निर्देश दिया।


शिक्षक हितों और विद्यालयों के विकास पर सरकार का जोर


उन्होंने  कहा कि प्रदेश सरकार ने शिक्षकों के स्थानांतरण की पारदर्शी व्यवस्था विकसित की है। वित्तविहीन और स्ववित्तपोषित विद्यालयों के शिक्षकों के हितों में योजनाएं लागू करने के साथ मृतक आश्रितों को मिलने वाले लाभ की प्रक्रिया आसान बनाई गई है। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन कायाकल्प और प्रोजेक्ट अलंकार के माध्यम से विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने का प्रयास किया गया है। शिक्षक भर्ती और शिक्षा सेवा चयन आयोग के गठन को भी उन्होंने शिक्षा व्यवस्था से जुड़े महत्वपूर्ण कदम बताया।


स्टार्टअप से युवाओं को मिल रहे नए अवसर


भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि देश में प्रतिभाओं की कमी नहीं है। केंद्र सरकार ने स्टार्टअप को बढ़ावा देकर युवाओं को नए उद्यम शुरू करने के अवसर उपलब्ध कराए हैं। उन्होंने कहा कि बेहतर सड़कें, परिवहन और अन्य बुनियादी सुविधाएं आर्थिक विकास के लिए आवश्यक हैं। भारत की अर्थव्यवस्था, डिजिटल भुगतान व्यवस्था और अंतरराष्ट्रीय मंच पर बढ़ती भूमिका का उल्लेख करते हुए उन्होंने इसे देश की बदलती तस्वीर से जोड़ा।


आतंकवाद के खिलाफ भारत की नीति स्पष्ट


प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने, सर्जिकल स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर जैसे कदमों ने आतंकवाद के खिलाफ भारत की नीति को स्पष्ट किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती सरकारों के समय आतंकवादी घटनाओं के बाद केवल कूटनीतिक विरोध तक सीमित रहने की स्थिति थी, जबकि अब भारत आतंकवाद के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करता है।

सम्मेलन में क्षेत्रीय अध्यक्ष अवधेश द्विवेदी, प्रदेश मंत्री शिवभूषण सिंह, अवधेश श्रीवास्तव, विधायक वेद प्रकाश गुप्ता, रामचंद्र यादव, चंद्रभान पासवान, अभय सिंह, अमित सिंह चौहान, पूर्व सांसद लल्लू सिंह, जिला पंचायत प्रशासक रोली सिंह, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अवधेश पांडेय बादल, महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव और जिलाध्यक्ष राधेश्याम त्यागी, अम्बेडकर नगर जिला अध्यक्ष दिलीप पटेल, सहित विभिन्न जिलों के जिला प्रभारी, जिलाध्यक्ष तथा बड़ी संख्या में शिक्षक मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments