अयोध्या। साकेत महाविद्यालय के पूर्व प्राचार्य एवं वरिष्ठ प्राध्यापक प्रोफेसर नरेंद्रेश्वर पांडेय को फोन पर जान से मारने की धमकी दिए जाने के मामले में शिक्षकों और कर्मचारियों का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। बुधवार को महाविद्यालय के शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने महाविद्यालय के प्राचार्य को ज्ञापन सौंपते हुए संबंधित पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और कठोर कार्रवाई के लिए करवाने की मांग किया। साथ ही चेतावनी दी कि यदि मामले का जल्द खुलासा नहीं हुआ तो 29 मई 2026 से प्रस्तावित विश्वविद्यालयीय परीक्षाओं का बहिष्कार किया जाएगा।
प्राचार्य को संबोधित ज्ञापन में शिक्षकों ने कहा कि एक वरिष्ठ शिक्षक को जान से मारने की धमकी मिलना पूरे शिक्षण समाज की गरिमा पर गंभीर आघात है। इससे न केवल शिक्षकों में भय और असुरक्षा का वातावरण बना है, बल्कि महाविद्यालय का शैक्षणिक माहौल भी प्रभावित हो रहा है।
ज्ञापन में कहा गया है कि थाना कैंट अयोध्या में 22 मई 2026 को केस दर्ज होने के बावजूद अब तक न तो आरोपियों की पहचान सार्वजनिक की गई है और न ही किसी की गिरफ्तारी हो सकी है। इससे शिक्षकों और कर्मचारियों में भारी नाराजगी व्याप्त है।
ज्ञापन में मांग की गई कि दोषियों के खिलाफ तत्काल कठोर कार्रवाई की जाए तथा महाविद्यालय प्रशासन शिक्षकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए। शिक्षकों ने प्रशासन को स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो 29 मई से शुरू होने वाली विश्वविद्यालय परीक्षाओं का बहिष्कार किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
ज्ञापन की प्रतिलिपि पुलिस अधीक्षक अयोध्या, डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के कुलपति तथा कुलसचिव को भी भेजी गई है।