अयोध्या। महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर शनिवार को उस समय हंगामे की स्थिति उत्पन्न हो गई, जब एयरपोर्ट टैक्सी और कार चालकों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। बड़ी संख्या में एकत्र चालकों ने पुलिस पर अनावश्यक सख्ती और एकतरफा कार्रवाई का आरोप लगाते हुए नारेबाजी की। टैक्सी संचालकों का कहना था कि चुनिंदा लोगों को ही संचालन की अनुमति दी जा रही है, जबकि अन्य चालकों के साथ भेदभाव किया जा रहा है।
प्रदर्शन कर रहे चालकों ने आरोप लगाया कि यात्रियों को लेने और छोड़ने के दौरान पुलिस द्वारा बार-बार चालान किया जा रहा है। एयरपोर्ट परिसर में टैक्सी स्टैंड, प्रवेश और पार्किंग को लेकर नियम स्पष्ट नहीं हैं, इसके बावजूद स्थानीय टैक्सी चालकों पर कार्रवाई की जा रही है, जबकि बाहरी वाहनों को छूट दी जा रही है।
चालकों के अनुसार पुलिस की सख्ती के चलते उनका रोज़गार प्रभावित हो रहा है। कई चालकों को घंटों एयरपोर्ट के बाहर इंतजार करना पड़ता है, लेकिन फिर भी उन्हें यात्रियों को लेने की अनुमति नहीं मिलती। इसी नाराज़गी के चलते चालकों ने एयरपोर्ट गेट के पास प्रदर्शन शुरू कर दिया, जिससे कुछ समय के लिए अव्यवस्था की स्थिति बन गई।
मौके पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारियों ने चालकों से वार्ता कर उनकी समस्याएं सुनीं और समाधान का आश्वासन दिया। इसके बाद चालकों ने प्रदर्शन समाप्त कर दिया, हालांकि उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कोई ठोस समाधान नहीं हुआ तो वे पुनः आंदोलन करेंगे।
एयरपोर्ट अथॉरिटी के निदेशक धीरेंद्र सिंह ने कहा कि संबंधित टैक्सी संचालकों के विरुद्ध यात्रियों से बदसलूकी और अथॉरिटी के नियमों के उल्लंघन की शिकायतें मिलती रहती हैं। सुरक्षा कारणों से एयरपोर्ट परिसर में वाहनों का प्रवेश वर्जित किया गया है और नियमों के तहत ही कार्रवाई की जाती है।