अयोध्या। नयाघाट स्थित चौधरी चरण सिंह घाट के पास बनाए जा रहे तपोवन पार्क (पूर्व में पुष्प वाटिका) का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। दीपोत्सव से पहले इसे अयोध्या वासियों और पर्यटकों के लिए खोलने की तैयारी है। नगर निगम ने इस पार्क के सौंदर्यीकरण का कार्य दिल्ली की कंपनी गार्डन ग्लोरी इंडिया और एवरग्रीन नर्सरी को सौंपा है।
पार्क में कैफेटेरिया, बच्चों के झूले, सेल्फी पॉइंट और अन्य मनोरंजन सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। साथ ही यहां देश-विदेश के दुर्लभ पौधे और आकर्षक पुष्प लगाए जा रहे हैं ताकि यह स्थल पर्यटकों के लिए नया आकर्षण बन सके।
नगर निगम के अपर नगर आयुक्त सुमित कुमार ने बताया कि नगर निगम की बोर्ड बैठक में महापौर और पार्षदों की सहमति से इस पार्क का नाम बदलकर तपोवन पार्क रखा गया है। उन्होंने बताया कि पार्क के अधिकांश कार्य पूरे हो चुके हैं और दीपोत्सव-2025 से पहले इसे जनता के लिए खोला जाएगा।
गार्डन ग्लोरी कंपनी के निदेशक कौशलेंद्र अग्रवाल ने बताया कि उनकी कंपनी राम पथ सहित अन्य स्थलों पर हरियाली बढ़ाने के कार्य भी कर रही है। तपोवन पार्क के तैयार होने के बाद अयोध्या में एक और सुंदर पर्यटन स्थल जुड़ जाएगा।