अयोध्या । अयोध्या जिले में जल जीवन मिशन के तहत नल से जल आपूर्ति का कार्य निर्धारित समय से पहले तेजी से आगे बढ़ रहा है। जिले के तीन लाख से अधिक घरों तक अब तक नल से पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित की जा चुकी है। इस योजना के तहत 1144 राजस्व ग्राम शामिल किए गए हैं।
उत्तर प्रदेश जल निगम (ग्रामीण) द्वारा संचालित इस परियोजना की कुल लागत 2199 करोड़ रुपये है, जिसे मार्च 2026 तक पूरा किया जाना है। हालांकि, अब तक लगभग 97 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। लगभग 3.32 लाख गृह जल संयोजन का लक्ष्य तय किया गया था, जिसमें से अब तक 3.22 लाख से अधिक घरों में नल कनेक्शन पहुंचाए जा चुके हैं। शेष लगभग 10,000 घरों में काम किया जाना बाकी है।
योजना की शुरुआत मार्च 2023 में हुई थी। जल निगम के अधिशासी अभियंता अरविंद यादव ने बताया कि परियोजना के तहत जलाशयों का भी निर्माण कराया गया है और आगामी महीनों में शेष कार्य को पूर्ण करने की दिशा में प्रयास जारी हैं। उन्होंने बताया कि पहले योजना की डेडलाइन वर्ष 2025 थी, जिसे अब एक वर्ष और बढ़ाकर मार्च 2026 कर दिया गया है।
वर्तमान में गर्मी के मौसम को देखते हुए जल निगम द्वारा सार्वजनिक स्थलों पर मटके और पानी के जार की व्यवस्था की जा रही है, ताकि राहगीरों और श्रद्धालुओं को स्वच्छ पानी आसानी से उपलब्ध हो सके।
यह परियोजना ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है। योजना का उद्देश्य केवल जल आपूर्ति ही नहीं, बल्कि ग्रामीण जीवन स्तर को सुधारना भी है।