अयोध्या । शहर में एटीएम के जरिए धोखाधड़ी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। रायबरेली बाइपास स्थित एक एटीएम में मदद के बहाने जालसाज ने पिता-पुत्री का कार्ड चोरी कर लिया और खाते से 50 हजार रुपये निकाल लिए। पीड़ित की शिकायत पर कोतवाली नगर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली नगर क्षेत्र के जनौरा निवासी रामकुमार के मुताबिक, वह 18 नवंबर को अपनी पुत्री के साथ रायबरेली बाइपास स्थित एटीएम से रुपये निकालने गए थे। काफी प्रयास के बाद भी मशीन से रुपये नहीं निकले। इसी दौरान उनकी पुत्री बाहर निकलने लगी तो एक अज्ञात व्यक्ति वहां पहुंचा। उसने एटीएम से रुपये निकालने में मदद करने की बात कही और उनकी पुत्री का कार्ड लेकर मशीन में लगा दिया।
आरोप है कि उस व्यक्ति ने पुत्री से पिन डालने को कहा और इसी दौरान पिन देख लिया। इसके बाद उसने धोखे से एटीएम कार्ड चोरी कर लिया और वहां से चला गया। बाद में खाते से 50 हजार रुपये निकाले जाने की जानकारी हुई। पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस से की, जिसके आधार पर रिपोर्ट दर्ज की गई है।
गौरतलब है कि इससे पहले 18 नवंबर को भी शहर के एक एटीएम से 74 हजार रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया था। उस मामले में भी कोतवाली नगर में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।