अंबेडकरनगर। थाना क्षेत्र के मिश्रौलिया गांव के पास बारात में शामिल होने जा रहे आजमगढ़ के एक युवक की संदिग्ध मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। मामला हत्या का है या फिर सड़क हादसे का यह अब पुलिस की जांच का प्रमुख विषय बन गया है।
मृतक अनूप कुमार यादव, निवासी धीमालपुर, थाना पवई जनपद आजमगढ़, अपने साथी विवेक कुमार के साथ बारात में जा रहा था। रास्ते में उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने साथी विवेक के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया था। परिवार का आरोप था कि अनूप की मौत सामान्य नहीं है और घटना में उसके साथी की भूमिका संदिग्ध है।
इस बीच आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने मामले को और गंभीर बना दिया है। रिपोर्ट में स्पष्ट हुआ है कि अनूप की मौत सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण हुई। अब पुलिस इस चोट की प्रकृति की जांच में जुट गई है—क्या यह हमला था या फिर किसी सड़क दुर्घटना के दौरान लगी?
थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि प्रकरण की संवेदनशीलता को देखते हुए एक विशेष टीम गठित की गई है। टीम मौके का पुनः निरीक्षण कर रही है, आसपास के लोगों व संभावित गवाहों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। साथ ही घटनास्थल की परिस्थितियों, मोबाइल लोकेशन व अन्य तकनीकी साक्ष्यों की भी गहन जांच की जा रही है।
थानाध्यक्ष का कहना है कि पुलिस की प्राथमिकता यही है कि सच सामने आए—क्या साथी विवेक ने अनूप की हत्या की या यह एक सामान्य सड़क हादसा था। उन्होंने कहा कि जांच तेजी से आगे बढ़ रही है और जल्द ही पुलिस अंतिम निष्कर्ष पर पहुंचेगी।
घटना से मृतक के गांव में शोक के साथ आक्रोश का माहौल है। परिवार न्याय की गुहार लगाते हुए जल्द से जल्द आरोपी पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहा है।