अयोध्या। झुनझुनवाला पीजी कॉलेज, अयोध्या में मंगलवार को राष्ट्रीय सेवा योजना के तत्वावधान में ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ के अंतर्गत तिरंगा रैली निकाली गई। हाथों में तिरंगा थामे विद्यार्थियों की टोली जब राष्ट्रभक्ति के नारों के साथ आगे बढ़ी तो महाविद्यालय परिसर और आसपास का क्षेत्र देशभक्ति के रंग में नजर आया।
रैली का शुभारंभ करते हुए महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. सरिता मिश्रा ने विद्यार्थियों से राष्ट्र की एकता, अखंडता और संप्रभुता के प्रति सदैव समर्पित रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज देश की अस्मिता और गौरव का प्रतीक है तथा प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह तिरंगे की गरिमा बनाए रखे।
महाविद्यालय के निदेशक प्रो. निर्भय ने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज देश के सम्मान और स्वाभिमान का प्रतीक है। ‘हर घर तिरंगा’ जैसे अभियान युवाओं को राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों से जोड़ने के साथ उनमें राष्ट्रीय चेतना को मजबूत करने का माध्यम हैं।
राष्ट्रीय सेवा योजना की कार्यक्रमाधिकारी रीषा पाण्डेय ने रैली के आयोजन एवं समन्वय में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में राष्ट्रभक्ति के साथ अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करते हैं।
रैली में महाविद्यालय के विद्यार्थी, शिक्षक और कर्मचारी हाथों में तिरंगा लेकर शामिल हुए। विद्यार्थियों ने आसपास के लोगों को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों पर तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित किया। साथ ही राष्ट्रध्वज की गरिमा और सम्मान बनाए रखने का संदेश भी दिया।