Friday, March 6, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअम्बेडकर नगरमामूली बात पर छात्र की बेरहमी से पिटाई, कान का पर्दा फटा;...

मामूली बात पर छात्र की बेरहमी से पिटाई, कान का पर्दा फटा; मुकदमे की मांग


जलालपुर अम्बेडकर नगर। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम दौलतपुर जगदीशपुर कपिलेश्वर स्थित कंपोजिट विद्यालय महुबल में कक्षा छह के छात्र की अध्यापिका द्वारा कथित रूप से बेरहमी से पिटाई करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि पिटाई में छात्र का कान का पर्दा फट गया और सिर में सूजन आ गई। घटना के बाद छात्र सहमा हुआ है और स्कूल जाने से डर रहा है। परिजनों ने जलालपुर कोतवाली में तहरीर देकर मेडिकल परीक्षण व मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।

गांव निवासी रीमा निषाद ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका 11 वर्षीय पुत्र रितेश कंपोजिट विद्यालय महुबल में कक्षा छह का छात्र है। शुक्रवार को किसी मामूली बात को लेकर विद्यालय में तैनात अध्यापिका नीलम ने उसे लात-घूंसों व डंडे से पीटना शुरू कर दिया। आरोप है कि अध्यापिका ने उसके कान पर जोरदार थप्पड़ मारा, जिससे खून निकलने लगा और बाएं कान से कम सुनाई देने लगा। इतना ही नहीं, बाल पकड़कर सिर को मेज से टकराया, जिससे सिर में सूजन आ गई।

परिजनों का आरोप है कि जब विद्यालय में तैनात सफाईकर्मी छात्र को बचाने पहुंचे तो उनके साथ भी अभद्र व्यवहार कर धक्का दे दिया गया। वहीं कक्षा आठ में पढ़ने वाली छात्र की बहन शिवांगी जब भाई को बचाने पहुंची तो उसे भी धक्का देकर गिरा दिया गया, जिससे उसे चोटें आईं।

स्कूल से घर पहुंचने के बाद छात्र ने रोते हुए घटना की जानकारी दी। इसके बाद पीड़ित मां ने कोतवाली पहुंचकर लिखित शिकायत दी और बच्चों का मेडिकल कराकर आरोपित अध्यापिका के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की।

इस संबंध में कोतवाली प्रभारी गुलाम रसूल ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Ayodhya Samachar
Ayodhya Samachar
Ayodhya Samachar
Ayodhya Samachar

Recent Comments