Monday, August 17, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअम्बेडकर नगरधनतेरस-दीपावली पर सुरक्षा के सख्त इंतज़ाम, सर्राफा व्यवसायियों को मिलेगी पुलिस सुरक्षा

धनतेरस-दीपावली पर सुरक्षा के सख्त इंतज़ाम, सर्राफा व्यवसायियों को मिलेगी पुलिस सुरक्षा


जलालपुर अम्बेडकर नगर। आगामी धनतेरस और दीपावली पर्व को लेकर नगर में सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने हेतु शुक्रवार को जलालपुर कोतवाली परिसर में क्षेत्राधिकारी अनूप कुमार सिंह की अध्यक्षता में सर्राफा व्यापारियों एवं मूर्ति स्थापना समितियों के साथ बैठक आयोजित की गई।

बैठक में त्योहारों के दौरान नगर में कानून-व्यवस्था, यातायात नियंत्रण और धार्मिक आयोजनों में संयम बनाए रखने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। क्षेत्राधिकारी ने स्पष्ट किया कि सर्राफा व्यापारियों को पुलिस की ओर से पूर्ण सुरक्षा उपलब्ध कराई जाएगी। यदि किसी व्यापारी को दुकान से बैंक या घर तक नकदी ले जाने में किसी प्रकार की आशंका हो, तो वह तुरंत पुलिस सहायता प्राप्त कर सकता है। पुलिस उन्हें सुरक्षित गंतव्य तक पहुंचाने की जिम्मेदारी निभाएगी।

सीओ ने कहा कि त्योहारों पर भीड़भाड़ और बढ़े हुए जोखिम को देखते हुए नगर में पुलिस गश्त को तेज किया जाएगा। संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी।

मूर्ति स्थापना समितियों को निर्देशित किया गया कि किसी भी आयोजन में दो से अधिक साउंड बॉक्स का प्रयोग न हो। ध्वनि की सीमा निर्धारित मानकों के अनुरूप रखी जाए, ताकि अन्य नागरिकों को असुविधा न हो। धार्मिक आयोजनों में सौहार्द एवं अनुशासन बनाए रखने पर विशेष बल दिया गया।

कोतवाल संतोष कुमार सिंह ने बताया कि धनतेरस और दीपावली के दौरान नगर में बड़े वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। मुख्य बाजारों में विशेष निगरानी के लिए पुलिस टीम तैनात की जाएगी, जिससे भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था बनी रहे।

बैठक में व्यापारियों व समिति सदस्यों ने नगर की कुछ समस्याएं जैसे जर्जर सड़कें, ढीले विद्युत तार और भीड़ नियंत्रण व्यवस्था पर भी चर्चा की। उन्होंने प्रशासन से तत्काल सुधार की मांग की।

बैठक में भाजपा नगर अध्यक्ष संदीप गुप्ता, आनंद जायसवाल, शत्रुघ्न सोनी, सुरेंद्र सोनी, मानिकचंद सोनी, दुर्गेश उपाध्याय, कपूर गुप्ता समेत नगर के अनेक सर्राफा व्यापारी, समिति सदस्य एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

क्षेत्राधिकारी ने अंत में सभी से अपील की कि पर्व के दौरान नगर में शांति, स्वच्छता एवं साम्प्रदायिक सौहार्द बनाए रखें तथा किसी भी समस्या की स्थिति में पुलिस से तुरंत संपर्क करें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments