जलालपुर अंबेडकर नगर। कोतवाली क्षेत्र जलालपुर में आवारा और पागल कुत्तों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। रविवार को दो अलग-अलग गांवों में कुत्तों के हमले से 12 ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गए। घटनाओं के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
पहली घटना ग्राम बड़ागांव की बताई जा रही है, जहां सुबह अचानक आवारा कुत्तों के झुंड ने राह चलते लोगों पर हमला कर दिया। हमले में नीरज, हरिलाल, सचिन, देवेंद्र, प्रदीप, निर्मला और गाजी अब्बास घायल हो गए। अचानक हुए इस हमले से गांव में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने किसी तरह लाठी-डंडों से कुत्तों को भगाया। सभी घायलों को उपचार के लिए जलालपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है।
दूसरी घटना उसमापुर गांव की है, जहां एक पागल कुत्ते ने रामनारायन, उर्मिला देवी, राज देई, वसीम और उत्तम पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया। ग्रामीणों के अनुसार, उक्त कुत्ता पिछले कई दिनों से गांव में घूम रहा था और लोगों पर झपटने की कोशिश कर रहा था। रविवार को उसने अचानक हमला कर दहशत फैला दी।
लगातार हो रही इन घटनाओं से ग्रामीणों में भय व्याप्त है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि आवारा और पागल कुत्तों को पकड़वाने के लिए तत्काल विशेष अभियान चलाया जाए, ताकि किसी बड़ी अनहोनी से बचा जा सके। इस संबंध में उप जिलाधिकारी राहुल गुप्ता ने बताया कि, “कुत्तों को पकड़ने के लिए वन विभाग को निर्देशित कर दिया गया है। जल्द ही क्षेत्र में विशेष अभियान चलाकर आवारा कुत्तों को पकड़ा जाएगा। ग्रामीणों का कहना है कि यदि प्रशासन ने जल्द कार्रवाई नहीं की, तो यह समस्या और विकराल रूप ले सकती है। लोगों ने चेतावनी दी है कि स्थिति नियंत्रण में न आने पर वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।