◆ नगर निगम ने 10 लाख रुपये की लागत से विकसित कराया स्मृति पार्क
अयोध्या। कीर्ति चक्र विजेता शहीद लेफ्टिनेंट शशांक तिवारी की स्मृति में स्थापित प्रतिमा का शुक्रवार को मझवा गद्दोपुर स्थित नव विकसित पार्क में अनावरण किया गया। कार्यक्रम में महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी एवं मंडलायुक्त राजेश कुमार ने संयुक्त रूप से प्रतिमा का लोकार्पण किया। नगर निगम द्वारा लाला लाजपत राय वार्ड में आरटीओ कार्यालय के पीछे लगभग 10 लाख रुपये की लागत से पार्क का निर्माण कर प्रतिमा स्थापित कराई गई है।कार्यक्रम से पूर्व शहीद के पिता जंग बहादुर तिवारी ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच प्रतिमा का पूजन किया। इस दौरान शहीद की माता नीता तिवारी भावुक नजर आईं। उपस्थित लोगों ने प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर शहीद को श्रद्धांजलि दी। महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने कहा कि शहीद शशांक तिवारी ने अपने साहस और कर्तव्यनिष्ठा से अयोध्या का नाम गौरवान्वित किया है। उन्होंने बताया कि नगर निगम लगातार शहीदों की स्मृति में कार्य कर रहा है तथा शहीद की याद में एक स्मृति द्वार भी स्थापित कराया जाएगा। मंडलायुक्त राजेश कुमार ने कहा कि देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले सैनिक समाज के लिए प्रेरणा स्रोत होते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे स्मारक नई पीढ़ी को देशभक्ति और सेवा का संदेश देते हैं। कार्यक्रम में पूर्व सैनिक परिषद के जिलाध्यक्ष श्रीप्रकाश पाठक ने शहीद शशांक तिवारी के सैन्य जीवन और शहादत का उल्लेख किया। संचालन नगर निगम के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश पाण्डेय ने किया। इस अवसर पर डोगरा रेजिमेंट के अधिकारी, जिला सैनिक कल्याण विभाग के प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि, पार्षद, पूर्व सैनिक एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।