Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या बनकर तैयार हुआ अत्याधुनिक नर्सिंग कॉलेज, स्वास्थ्य शिक्षा को मिलेगा नया आयाम

बनकर तैयार हुआ अत्याधुनिक नर्सिंग कॉलेज, स्वास्थ्य शिक्षा को मिलेगा नया आयाम

0

अयोध्या। अयोध्या में स्वास्थ्य शिक्षा के क्षेत्र को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल हुई है। राजर्षि दशरथ स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय परिसर में अत्याधुनिक नर्सिंग कॉलेज भवन एवं छात्रावास का निर्माण कार्य पूर्ण हो गया है। लगभग 9.94 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित इस परियोजना के पूरा होने के बाद जिले में नर्सिंग शिक्षा के लिए आधुनिक सुविधाओं से युक्त नया संस्थान उपलब्ध हो गया है।

केंद्रीय सहायतित योजना के अंतर्गत उत्तर प्रदेश राजकीय निर्माण निगम लिमिटेड, अयोध्या इकाई द्वारा इस परियोजना का निर्माण कराया गया। परियोजना में जी+1 मंजिला शैक्षणिक भवन तथा जी+2 मंजिला छात्रावास ब्लॉक का निर्माण शामिल है। निर्माण कार्य 30 अगस्त 2024 को प्रारंभ हुआ था, जिसे निर्धारित समयसीमा के भीतर 28 फरवरी 2026 को पूरा कर लिया गया। वर्तमान में भवन संबंधित विभाग को हस्तांतरित किया जा चुका है।

नर्सिंग कॉलेज में विद्यार्थियों के लिए आधुनिक कक्षाएं, प्रयोगशालाएं, प्रशिक्षण सुविधाएं तथा आवासीय व्यवस्था उपलब्ध कराई गई है। इससे नर्सिंग शिक्षा प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण और बेहतर प्रशिक्षण सुविधाएं मिल सकेंगी।

विशेषज्ञों का मानना है कि इस संस्थान के शुरू होने से अयोध्या एवं आसपास के जनपदों के युवाओं को नर्सिंग क्षेत्र में करियर बनाने के नए अवसर प्राप्त होंगे। साथ ही प्रदेश के स्वास्थ्य तंत्र के लिए प्रशिक्षित मानव संसाधन तैयार करने में भी यह संस्थान महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

परियोजना से जुड़े अधिकारियों के अनुसार निर्माण कार्य के दौरान गुणवत्ता मानकों का विशेष ध्यान रखा गया। नियमित निगरानी और समयबद्ध कार्यप्रणाली के कारण परियोजना को निर्धारित अवधि में पूरा किया जा सका। निर्माण कार्य में स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी सृजित हुए, जिससे क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को लाभ मिला।

नर्सिंग कॉलेज के संचालन से अयोध्या में चिकित्सा एवं नर्सिंग शिक्षा को नई दिशा मिलने की उम्मीद है। यह संस्थान आने वाले समय में क्षेत्र के स्वास्थ्य ढांचे को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देगा।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version