◆ हरिद्वार से लौट रहे परिवार की गाड़ी हादसे का शिकार, चार गंभीर घायल
अयोध्या। अयोध्या-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में हरिद्वार से लौट रहे एक परिवार की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं। रौनाही थाना क्षेत्र के मुबारकगंज के पास तेज रफ्तार स्कॉर्पियो आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा घुसी। हादसा इतना भीषण था कि वाहन के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए और छत तक अलग हो गई। दुर्घटना में मां-बेटी समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार, स्कॉर्पियो में गोंडा जनपद के मसकनवा निवासी राधेश्याम का परिवार तथा सिद्धार्थनगर के चेतिया निवासी दुर्गेश गुप्ता का परिवार हरिद्वार से दर्शन कर लौट रहा था। वाहन में कुल सात लोग सवार थे। हादसे में गोंडा निवासी पिंकी (34), उनकी 14 वर्षीय बेटी परी तथा सिद्धार्थनगर निवासी दुर्गेश गुप्ता (50) की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। वहीं विजयलक्ष्मी (45), अभिषेक गुप्ता, राधेश्याम (45) और उनका 12 वर्षीय पुत्र गोलू गंभीर रूप से घायल हो गए।
टक्कर के बाद स्कॉर्पियो का अगला हिस्सा ट्रक के नीचे फंस गया और वाहन में सवार लोग अंदर ही फंस गए। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचा। कड़ी मशक्कत के बाद वाहन के शीशे और क्षतिग्रस्त हिस्सों को हटाकर घायलों को बाहर निकाला गया और जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्कॉर्पियो काफी तेज गति से लखनऊ की ओर से आ रही थी। प्रारंभिक अनुमान है कि चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिसके कारण वह आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। हादसे के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने क्रेन की मदद से दोनों वाहनों को हटवाकर यातायात बहाल कराया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।