Tuesday, September 8, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअयोध्यासपा सांसद अवधेश प्रसाद ने सीएम योगी के अयोध्या दौरे पर साधा...

सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने सीएम योगी के अयोध्या दौरे पर साधा निशाना


◆ महंगाई, किसानों की बदहाली और मंदिर में चोरी की घटनाओं को लेकर सरकार पर उठाए सवाल


अयोध्या। समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अयोध्या दौरे को लेकर प्रदेश सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने महंगाई, किसानों की समस्याओं, छुट्टा पशुओं से फसलों को हो रहे नुकसान और अयोध्या में मंदिरों से चढ़ावा व चंदे की कथित चोरी की घटनाओं को लेकर सरकार को घेरा।

अवधेश प्रसाद ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ महीने में कई बार अयोध्या आते हैं, इसके बावजूद भगवान श्रीराम की नगरी में मंदिर से चढ़ावा और चंदा चोरी तथा डकैती जैसी घटनाएं सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं से देशभर के श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाएं आहत होती हैं। उन्होंने सरकार से मंदिरों की सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाने की मांग की।


महंगाई को लेकर सरकार पर हमला


सपा सांसद ने प्रदेश में बढ़ती महंगाई को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि चीनी का भाव 70 रुपये प्रति किलो से अधिक पहुंच गया है, जिससे आम लोगों और विशेष रूप से महिलाओं के सामने घरेलू बजट को लेकर परेशानी बढ़ गई है। उन्होंने सरकार से आवश्यक वस्तुओं की कीमतों पर नियंत्रण के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की।


छुट्टा पशुओं से फसल बर्बाद होने का दावा


किसानों की समस्याओं का जिक्र करते हुए अवधेश प्रसाद ने कहा कि छुट्टा पशु किसानों की फसलों को लगातार नुकसान पहुंचा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश का किसान इस समस्या से परेशान है। अपने एक पड़ोसी का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि छुट्टा पशुओं ने ढाई बीघा धान की फसल को पूरी तरह नष्ट कर दिया। उन्होंने कहा कि किसानों की फसल बचाने के लिए सरकार को छुट्टा पशुओं की समस्या का स्थायी समाधान करना चाहिए।


विधानसभा से लेकर सड़क तक मुद्दे उठाने का दावा


सपा सांसद ने कहा कि समाजवादी पार्टी और पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव किसानों और आम जनता से जुड़े मुद्दों को विधानसभा में प्रमुखता से उठाते रहे हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी की ओर से महंगाई, किसानों की समस्याओं और अन्य जन मुद्दों को लेकर कई बार धरना-प्रदर्शन और घेराव भी किया गया है।

अवधेश प्रसाद ने प्रदेश सरकार से मांग की कि मुख्यमंत्री के दौरे और घोषणाओं के साथ-साथ जमीनी स्तर पर भी समस्याओं के समाधान के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। उन्होंने महंगाई पर नियंत्रण, किसानों को राहत और अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments