◆ अवधेश प्रसाद और जय सिंह यादव ने पदाधिकारियों के साथ की बैठक, पात्र मतदाताओं के नाम जुड़वाने पर दिया जोर
अयोध्या। विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर समाजवादी पार्टी ने मिल्कीपुर विधानसभा क्षेत्र में संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को मिल्कीपुर के पांच नंबर चौराहे पर सांसद एवं सपा के राष्ट्रीय महासचिव अवधेश प्रसाद और जिलाध्यक्ष जय सिंह यादव ने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान की समीक्षा की।
बैठक में भारत निर्वाचन आयोग की ओर से जारी नई मतदाता सूची पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को उपलब्ध कराई गई। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत बूथ स्तर पर मतदाता सूची का निरीक्षण करने और पात्र मतदाताओं के नाम शामिल कराने के लिए दिशा-निर्देश दिए गए।
सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज होना जरूरी है। पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता अपने-अपने बूथों पर सूची का बारीकी से निरीक्षण करें, ताकि कोई भी पात्र मतदाता अपने मताधिकार से वंचित न रहे। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने की सामूहिक जिम्मेदारी बताया।
जिलाध्यक्ष जय सिंह यादव ने कार्यकर्ताओं से विशेष अभियान दिवसों 21, 22, 28 और 29 नवंबर को अपने-अपने बूथों पर सक्रिय रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में जिन पात्र लोगों के नाम शामिल नहीं हैं, उनके नाम जुड़वाने में सहयोग किया जाए। संगठन की मजबूती बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता से तय होती है। इसलिए अभियान में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
सपा प्रवक्ता लवलेश पांडेय ने बताया कि बैठक में पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से विशेष अभियान दिवसों पर जनसंपर्क कर मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने में सहयोग करने की अपील की गई।
बैठक में जिला महासचिव बख्तियार खान, रितेश यादव, जिला उपाध्यक्ष रामजी पाल, राम लहू यादव, सिराज अहमद, विधानसभा अध्यक्ष पृथ्वीराज यादव, यदुनाथ यादव, राम तेज यादव, राम सतन कोरी, अनिल विश्वकर्मा, अवधेश यादव, प्रहलाद रावत, आनंद यादव, संतोष यादव, राजकुमार शिल्पकार, महेश शर्मा, गुलाब यादव और अजीत यादव सहित जोन एवं सेक्टर अध्यक्ष तथा बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।