अयोध्या। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं सविता समाज के नेता संजय विद्यार्थी ने कहा कि सविता, शर्मा और नाई समाज को सामाजिक न्याय, सम्मान और राजनीतिक भागीदारी दिलाने के लिए समाजवादी पार्टी पूरी मजबूती के साथ उनके साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि “सविता समाज ने ठाना है, 2027 में अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाना है।”
साने अवध होटल में आयोजित सविता, शर्मा एवं नाई समाज की बैठक को संबोधित करते हुए संजय विद्यार्थी ने कहा कि समाजवादी पार्टी की विचारधारा पिछड़ों, वंचितों, गरीबों और शोषितों के सम्मान व अधिकार की लड़ाई से जुड़ी रही है। उन्होंने कहा कि कर्पूरी ठाकुर के वंशजों और उनके विचारों को सम्मान देने का काम पार्टी आगे भी मजबूती से करेगी। उन्होंने समाज के लोगों से एकजुट होकर राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने का आह्वान किया।
सपा के निवर्तमान जिलाध्यक्ष पारसनाथ यादव ने कहा कि सविता, शर्मा और नाई समाज का समाजवादी पार्टी से पुराना रिश्ता है। 2027 में अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने में समाज की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने की अपील की।
पूर्व मंत्री तेज नारायण पांडेय ‘पवन पांडे’ ने कहा कि सविता समाज मेहनतकश और संघर्षशील समाज है। पार्टी उनके सम्मान, अधिकार और राजनीतिक भागीदारी को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है।
बैठक में मौजूद लोगों ने 2027 में सपा को मजबूत करने और अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने का संकल्प लिया। सपा के निवर्तमान प्रवक्ता लवलेश पांडेय ने बताया कि बैठक में पंकज शर्मा, धनीराम शर्मा, नीरज शर्मा सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग मौजूद रहे।
बीपी मंडल की जयंती पर सपाइयों ने लिया सामाजिक न्याय का संकल्प
