Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या चिंता और तनाव से प्रभावित हो रही नींद, पर्याप्त नींद न लेने...

चिंता और तनाव से प्रभावित हो रही नींद, पर्याप्त नींद न लेने से बढ़ते हैं कई रोग

0
ayodhya samachar

अयोध्या। पर्याप्त और गहरी नींद न मिलने से शरीर और मन दोनों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। लगातार कम नींद लेने से कई मनोशारीरिक विकार जन्म ले सकते हैं। यह जानकारी जिला चिकित्सालय के मनकक्ष में आयोजित विश्व निद्रा दिवस से संबंधित वार्ता के दौरान डॉ. आलोक मनदर्शन ने दी। उन्होंने बताया कि स्वस्थ व्यक्ति के लिए प्रतिदिन छह से आठ घंटे की नींद आवश्यक होती है।


डा आलोक मनदर्शन
मनो परामर्शदाता, जिला चिकित्सालय अयोध्या

अच्छी नींद के लिए मस्तिष्क में मेलाटोनिन नामक हार्मोन का पर्याप्त स्तर होना जरूरी है। लेकिन देर रात तक मोबाइल, टीवी या अन्य स्क्रीन के अधिक उपयोग से तनाव बढ़ाने वाला हार्मोन कॉर्टिसोल बढ़ जाता है, जिससे नींद प्रभावित होती है। इसके साथ ही उत्साह और ताजगी देने वाले हार्मोन सेरोटोनिन की कमी के कारण व्यक्ति सुबह थकान और सुस्ती महसूस करता है।

डॉ. मनदर्शन ने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ती चिंताएं और तनाव भी नींद को प्रभावित कर रहे हैं। देर तक जागना और मानसिक तनाव के कारण लोगों की नींद की गुणवत्ता पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है।


अपर्याप्त नींद से बढ़ सकते हैं कई रोग


उन्होंने बताया कि स्लीप डिप्राइव्ड सिंड्रोम या लगातार कम नींद लेने से शरीर की प्रतिरोधक क्षमता, पाचन क्रिया, हार्मोन संतुलन और हृदय तंत्र प्रभावित होता है। इससे मोटापा, मधुमेह, हृदय रोग, उच्च रक्तचाप, अवसाद, थकान, एकाग्रता की कमी, चिड़चिड़ापन और मूड स्विंग जैसी समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं।


बचाव के उपाय


डॉ. मनदर्शन के अनुसार सोने से लगभग 30 मिनट पहले मोबाइल या अन्य स्क्रीन का उपयोग बंद कर देना चाहिए। नियमित रूप से छह से आठ घंटे की गहरी नींद लेना आवश्यक है। सोने से पहले मन को तनावमुक्त रखने के लिए हल्का संगीत सुनना, ऑडियो बुक सुनना या अन्य मनोरंजक गतिविधियों का सहारा लिया जा सकता है।

उन्होंने सलाह दी कि यदि किसी व्यक्ति को लंबे समय तक नींद आने में कठिनाई हो, नींद बहुत देर से आए या जल्दी खुल जाए और यह स्थिति लगातार 15 दिन से अधिक बनी रहे, तो उसे स्लीप थेरेपिस्ट या मनोविशेषज्ञ से परामर्श लेना चाहिए।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version