अंबेडकर नगर। भाई-बहन के अटूट प्रेम और स्नेह का पर्व रक्षाबंधन नजदीक आते ही बाजारों की रौनक देखते ही बन रही है। पर्व से एक दिन पहले गुरुवार को जिला मुख्यालय अकबरपुर, जुड़वा शहर शहजादपुर समेत जिले की छोटी-बड़ी बाजारें रंग-बिरंगी राखियों, मिठाइयों और उपहारों से सज उठीं। सुबह से देर शाम तक बाजारों में खरीदारी के लिए उमड़ी भीड़ ने त्योहार की खुशियों को और बढ़ा दिया।
बाजारों में सजी राखियों की दुकानों पर बहनों की सबसे अधिक भीड़ रही। कोई भाई की पसंद की राखी तलाशता नजर आया तो कोई खूबसूरत और आकर्षक राखी चुनकर उसके साथ भाई के लिए उपहार भी खरीदता दिखा। छोटी बच्चियां भी अपनी पसंद की कार्टून और रंग-बिरंगी राखियां खरीदने को लेकर उत्साहित नजर आईं। राखियों की दुकानों पर सजी अलग-अलग डिजाइन की राखियां पर्व की खुशियों का अहसास करा रही थीं।
मिठाई की दुकानों पर भी सुबह से ही ग्राहकों की कतार लगी रही। बहनों ने भाई की कलाई पर प्रेम की डोर बांधने के साथ उसका मुंह मीठा कराने के लिए मिठाइयां खरीदीं। कहीं डिब्बों में सजी मिठाइयां त्योहार की मिठास बढ़ा रही थीं तो कहीं गिफ्ट पैक लोगों को आकर्षित कर रहे थे।
दूर रहकर भी रिश्तों में बनी रही मिठास
रक्षाबंधन का पर्व उन भाई-बहनों के लिए भी भावुक कर देने वाला होता है, जो किसी कारणवश एक-दूसरे से दूर हैं। कई बहनें दूर शहरों में रह रहे भाइयों के लिए राखी और मिठाई खरीदती नजर आईं। वहीं, नौकरी या पढ़ाई के सिलसिले में घर से दूर रहने वाले भाई भी बहनों से मिलने के लिए घर लौटने की तैयारी में जुटे रहे। बाजार की भीड़ में खरीदारी करते लोगों के चेहरों पर त्योहार की खुशी के साथ अपनों से मिलने की बेसब्री भी साफ दिखाई दी।
कपड़ा, कॉस्मेटिक, गिफ्ट और पूजा सामग्री की दुकानों पर भी ग्राहकों की अच्छी भीड़ रही। त्योहार को लेकर दुकानदारों ने भी दुकानों को आकर्षक ढंग से सजाया है। रक्षाबंधन की पूर्व संध्या पर बाजारों में देर शाम तक बनी रही चहल-पहल ने पूरे माहौल को उत्सवी बना दिया। राखी की छोटी सी डोर में बंधा वर्षों का अपनापन और मिठास बाजारों की रौनक में साफ नजर आई।