अयोध्या। धर्मनगरी अयोध्या में बुधवार से श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का शुभारंभ भव्यता और धार्मिक उल्लास के साथ हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 9 बजे कलश शोभायात्रा के साथ हुई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। कथा का आयोजन गर्गवंशी होटल R.P.S., कुशमाहा (निकट C.M.O. कार्यालय, दर्शननगर) में किया जा रहा है।
कलश यात्रा होटल परिसर से प्रारंभ होकर दर्शननगर सूर्यकुंड तक पहुंची, जहां वैदिक मंत्रोच्चारण और हरिनाम संकीर्तन से वातावरण भक्तिमय हो उठा। तत्पश्चात शोभायात्रा नगर भ्रमण करती हुई पुनः होटल परिसर लौटी। कलश यात्रा में महिलाओं ने सिर पर कलश रखकर भक्ति की गंगा बहाई, वहीं भजन मंडलियों ने श्रीकृष्ण और श्रीहरि के नामों से पूरा नगर गुंजा दिया।
कथा का वाचन सुप्रसिद्ध राष्ट्रीय कथा व्यास जगद्गुरु श्री राघवाचार्य जी महाराज द्वारा किया जा रहा है। कथा प्रतिदिन सायं 4 बजे से रात्रि 8 बजे तक चलेगी और 28 अक्टूबर 2025 तक जारी रहेगी। कथा स्थल को फूलों, झालरों और रंगीन रोशनी से सजाया गया है।
आयोजक राजबक्श सिंह गर्गवंशी एवं राजकपूर सिंह गर्गवंशी ने बताया कि कथा का उद्देश्य धर्म, ज्ञान और भक्ति के माध्यम से समाज में सद्भाव फैलाना है। कार्यक्रम के अंतिम दिन 29 अक्टूबर को गर्गवंशी होटल का भव्य उद्घाटन, भंडारा और महाप्रसाद का आयोजन सायं 3 बजे से किया जाएगा।
पूरे आयोजन की व्यवस्था भक्त आनंद प्रताप सिंह विक्की सिंह की देखरेख में की गई है। कथा के प्रथम दिन से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी, जिससे अयोध्या एक बार फिर भक्तिरस और आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर हो उठी।