Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा प्रकरण पर शंकराचार्य ने ट्रस्ट और सरकार पर साधा...

राम मंदिर चढ़ावा प्रकरण पर शंकराचार्य ने ट्रस्ट और सरकार पर साधा निशाना

0

◆ अयोध्या पहुंचे स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद, बोले- आरोपी बनाए गए बलि का बकरा


◆ गौ माता को राष्ट्र माता घोषित कराने के लिए जनजागरण यात्रा का किया शुभारंभ


अयोध्या। ज्योतिष पीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती शुक्रवार को गौ माता को राष्ट्र माता घोषित कराने की मांग को लेकर निकाली जा रही जनजागरण यात्रा के तहत अयोध्या पहुंचे। इस दौरान उन्होंने राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी प्रकरण को लेकर श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट और राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला।

शंकराचार्य ने कहा कि राम मंदिर के कोष में चोरी होने का आरोप सामने आने के बाद भी ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष गोविंद देवगिरी ने नैतिक जिम्मेदारी नहीं ली। उन्होंने कहा कि यदि कोष में चोरी हुई है तो इसकी जवाबदेही तय होनी चाहिए। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि इस मामले में गिरफ्तार किए गए लोग केवल “बलि का बकरा” बनाए गए हैं।

उन्होंने कहा कि विशेष जांच दल (एसआईटी) की रिपोर्ट सार्वजनिक कर दी गई, लेकिन चंपत राय के इस्तीफे को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं की गई। उनका दावा था कि चंपत राय ने वास्तव में इस्तीफा नहीं दिया, बल्कि केवल इसके प्रचार-प्रसार का प्रयास किया गया।

शंकराचार्य ने कहा कि उनकी यात्रा का उद्देश्य गौ माता को राष्ट्र माता घोषित किए जाने के पक्ष में जनसमर्थन जुटाना है। उन्होंने कहा कि यह जनजागरण यात्रा रुदौली से शुरू होकर मिल्कीपुर, बीकापुर, गोसाईगंज होते हुए अयोध्या विधानसभा क्षेत्र तक जाएगी।

यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर समाजवादी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। यात्रा के माध्यम से गौ संरक्षण और गौ माता को राष्ट्र माता घोषित करने की मांग को लेकर लोगों को जागरूक किया जा रहा है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version