आलापुर, अम्बेडकर नगर। आलापुर थाना पुलिस ने न्यायालय से जारी गैर-जमानती वारंट के अनुपालन में हिस्ट्रीशीटर शाहिद मुनीर सिद्दीकी को गिरफ्तार किया है। आरोपित के विरुद्ध एससी-एसटी एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में दर्ज दो मुकदमों में गैर-जमानती वारंट जारी किए गए थे। पुलिस ने गुरुवार को उसे गिरफ्तार कर आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, हुसैनपुर मुसलमान निवासी 50 वर्षीय शाहिद मुनीर सिद्दीकी पुत्र मुनीर सिद्दीकी के विरुद्ध विशेष न्यायाधीश, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति निवारण अधिनियम, के न्यायालय से वारंट जारी हुए थे।
शाहिद मुनीर के विरुद्ध वर्ष 2006 से वर्ष 2022 के बीच विभिन्न मुकदमे दर्ज रहे हैं, जिसमें एससी-एसटी एक्ट से संबंधित प्रकरण भी शामिल हैं। उसके विरुद्ध गुंडा एक्ट के तहत निरोधात्मक कार्रवाई भी की जा चुकी है।
थानाध्यक्ष शशांक कुमार शुक्ल के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक अरुण कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल अनिल यादव, कांस्टेबल रामबहादुर सरोज और रिजर्व कांस्टेबल रुद्र प्रताप सिंह शामिल रहे।