अम्बेडकर नगर। थाना भीटी क्षेत्र अंतर्गत जमोलीगंज बाजार स्थित देशी शराब के ठेके पर हुई लूट और फायरिंग की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने सफल अनावरण कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में दो अंतर्राज्यीय बदमाशों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूट की 26,900 रुपये की नकदी, दो अवैध तमंचे .315 बोर तथा दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
घटना 21 जनवरी की है। मोटरसाइकिल सवार बदमाश शराब के ठेके पर पहुंचे और सेल्समैन से 40,200 रुपये की नकदी लूट ली। लूट का विरोध करने पर बदमाशों ने सेल्समैन को गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना से क्षेत्र में दहशत फैल गई थी। मामले में थाना भीटी पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना भीटी पुलिस, स्वाट टीम एवं सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम गठित की गई।
संयुक्त पुलिस टीम ने लगातार सुरागरसी, सीसीटीवी फुटेज एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए 26 जनवरी को बुद्धूलाल की बगिया, ग्राम महापारा से दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार कर ली।
पुलिस ने बताया कि घटना में प्रयुक्त चोरी की मोटरसाइकिल वारदात के बाद खराब हो गई थी, जिसे बदमाश मौके पर ही छोड़कर फरार हो गए थे। उक्त मोटरसाइकिल को पुलिस पहले ही अपने कब्जे में ले चुकी है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा उन्हें न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा। इस सफलता पर पुलिस अधिकारियों ने संयुक्त टीम की सराहना करते हुए अपराध नियंत्रण की दिशा में इसे बड़ी उपलब्धि बताया है।