Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या भाजपा राज में अनुसूचित जाति सबसे सुरक्षित, उत्पीड़न पर तुरंत मिल रहा...

भाजपा राज में अनुसूचित जाति सबसे सुरक्षित, उत्पीड़न पर तुरंत मिल रहा न्याय: बैजनाथ रावत

0

◆ बोले – 2027 में फिर बनेगा इतिहास, जनता राष्ट्रवादी विचारधारा के साथ


◆ अनुसूचित जाति एवं जनजाति आयोग के अध्यक्ष बैजनाथ रावत पहुंचे अयोध्या


अयोध्या। उत्तर प्रदेश अनुसूचित जाति एवं जनजाति आयोग के अध्यक्ष बैजनाथ रावत रविवार को शिकायतों की समीक्षा के लिए अयोध्या पहुंचे। सर्किट हाउस में आयोजित बैठक के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने विभिन्न समसामयिक मुद्दों पर अपनी बात रखी।

गाजियाबाद में बकरीद के दिन एक हिंदू युवक की हत्या की घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए बैजनाथ रावत ने गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने घटना को निंदनीय बताते हुए कहा कि इस प्रकार की घटनाएं समाज और देश दोनों के लिए दुर्भाग्यपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने मामले में त्वरित कार्रवाई की है और आरोपियों के विरुद्ध कठोर कदम उठाए गए हैं। उन्होंने आरोपी के एनकाउंटर को सराहनीय निर्णय बताते हुए आशा जताई कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति नहीं होगी।

वर्ष 2027 में होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर पूछे गए प्रश्न पर उन्होंने कहा कि यह चुनाव भी पूर्व के चुनावों की तरह ऐतिहासिक साबित होगा। उन्होंने कहा कि बिहार और पश्चिम बंगाल में हाल के चुनावी परिणाम देश में वैचारिक परिवर्तन का संकेत दे रहे हैं।

बैजनाथ रावत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में राष्ट्रवादी विचारधारा लगातार मजबूत हो रही है। समाजवादी पार्टी के पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) नारे पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि ऐसे नारे अब पुराने हो चुके हैं और जनता नई राजनीतिक दिशा तय करने जा रही है।

उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार में अनुसूचित जाति वर्ग सबसे अधिक सुरक्षित है तथा उत्पीड़न से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई और न्याय सुनिश्चित किया जा रहा है। इस दौरान उन्होंने आयोग में प्राप्त शिकायतों की समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version