Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या यूपीसीडा की ईमेल हैक कर ठगों ने आवंटी से वसूले लाखों रुपये

यूपीसीडा की ईमेल हैक कर ठगों ने आवंटी से वसूले लाखों रुपये

0
ayodhya samachar

अयोध्या। उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीसीडा) के क्षेत्रीय कार्यालय अयोध्या की आधिकारिक ईमेल आईडी हैक होने का मामला सामने आया है। हैकर्स द्वारा भेजे गए फर्जी ईमेल के झांसे में आकर एक आवंटी उद्यमी ने निर्धारित खाते के बजाय दूसरे बैंक खातों में लाखों रुपये जमा कर दिए। मामले में क्षेत्रीय प्रबंधन की तहरीर पर साइबर थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

जानकारी के अनुसार गुड़गांव निवासी उद्यमी पीयूष खटरेजा को अमेठी स्थित कौहार इंडस्ट्रियल टाउनशिप में ई-ऑक्शन के माध्यम से 24 सितंबर 2025 को मिलेट प्रोसेसिंग एवं पैकेजिंग यूनिट स्थापित करने के लिए भूखंड आवंटित हुआ था। नियमानुसार उन्हें 60 दिनों के भीतर 7,39,287 रुपये जमा करने पर दो प्रतिशत की छूट का लाभ मिलना था।

इसी बीच, आवंटी को अलग-अलग तिथियों—8, 10, 12, 18, 20 और 28 नवंबर 2025—को क्षेत्रीय कार्यालय के नाम से फर्जी ईमेल प्राप्त हुए, जिनमें भुगतान के लिए केनरा बैंक के खातों का विवरण दिया गया था। इन ईमेल को सत्य मानकर आवंटी ने 8,13,216 रुपये की धनराशि दो अलग-अलग खातों में जमा कर दी।

बाद में 20 और 28 मार्च को आवंटी द्वारा कार्यालय को ईमेल भेजने तथा 6 अप्रैल को स्वयं उपस्थित होकर भुगतान की रसीद प्रस्तुत करने पर पूरे प्रकरण का खुलासा हुआ। जांच में पाया गया कि उक्त धनराशि प्राधिकरण के अधिकृत पीएनबी गेटवे खाते में जमा ही नहीं हुई है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि प्राधिकरण का अधिकृत खाता पंजाब नेशनल बैंक, कानपुर में है और क्षेत्रीय कार्यालय को सीधे धनराशि आहरित करने का अधिकार भी नहीं है।

क्षेत्रीय प्रबंधक अजय ने अपनी तहरीर में आशंका जताई है कि कार्यालय की ईमेल आईडी हैक कर ठगों ने आवंटी को भ्रमित किया और धनराशि अपने खातों में ट्रांसफर करवा ली। मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को भी सूचित किया था।

साइबर थाना प्रभारी मो. अरशद ने बताया कि प्रकरण की विस्तृत जांच की जा रही है। आवंटी को साक्ष्यों सहित बुलाया गया है, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version