अयोध्या। नेपाल में भारी बारिश और बैराजों से छोड़े गए पानी के कारण सरयू नदी में जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। गुरुवार को नदी का जलस्तर खतरे के निशान से 30 सेंटीमीटर ऊपर पहुंच गया। हर घंटे एक सेंटीमीटर की रफ्तार से जलस्तर में वृद्धि हो रही है।
नदी के उफान से तटीय क्षेत्रों में बाढ़ का खतरा गहरा गया है। सदर तहसील अंतर्गत पिपरी संग्रामपुर के दो पुरवे कटने से संपर्क पूरी तरह टूट गया है। ग्रामीणों को एक स्थान से दूसरे स्थान पर लाने के लिए नावों का सहारा लिया जा रहा है।
प्रभावित क्षेत्र का दौरा कर रहे एसडीएम सदर राम प्रकाश तिवारी ने लोगों से सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है। उन्होंने बताया कि राजा दशरथ समाधि स्थल पर ठहरने, भोजन और चिकित्सा की व्यवस्था की गई है। बावजूद इसके कुछ लोग अभी भी घर छोड़ने को तैयार नहीं हैं। ऐसे में मौके पर एक चिकित्सक और पशु चिकित्सक की तैनाती कर दी गई है। बढ़ते जलस्तर के चलते हनुमान गुफा मार्ग, रामघाट चौराहा और राम की पैड़ी पर जलभराव की स्थिति बन गई है। रामघाट के पास एक ई-रिक्शा जलमग्न गड्ढे में फंस गया।
जिला प्रशासन के अनुसार रुदौली, सोहावल और सदर तहसीलों के कुल 18 गांव बाढ़ से प्रभावित हो सकते हैं। सभी बाढ़ चौकियों को अलर्ट पर रखा गया है और प्रशासनिक अधिकारी लगातार प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर रहे हैं।