अयोध्या। आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने राम मंदिर ट्रस्ट में हुई नियुक्तियों को लेकर सवाल उठाए हैं। अयोध्या पहुंचे संजय सिंह ने नए सीईओ एयर मार्शल (सेवानिवृत्त) जितेंद्र मिश्र की नियुक्ति का स्वागत करते हुए कहा कि वायुसेना के अनुभवी अधिकारी का ट्रस्ट में आना अच्छी बात है। हालांकि, उन्होंने अन्य नियुक्तियों को लेकर पारदर्शिता पर सवाल खड़े किए।
संजय सिंह ने आरोप लगाया कि ट्रस्ट में आरएसएस पृष्ठभूमि से जुड़े लोगों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी जा रही हैं। उन्होंने मदन मोहन पांडेय और निर्मला यादव की नियुक्ति का उल्लेख करते हुए सवाल उठाए। वहीं, एम2के कंपनी से जुड़े महेश भगचंदका को कोषाध्यक्ष बनाए जाने पर भी उन्होंने आपत्ति जताई। उनका कहना था कि निजी कंपनी से जुड़े व्यक्ति को मंदिर के कोष की जिम्मेदारी दिए जाने को लेकर सवाल उठना स्वाभाविक है।
उन्होंने महासचिव गोविंद देव गिरि की नियुक्ति को लेकर भी निशाना साधा और हाल में सामने आए चढ़ावा चोरी के विवाद का जिक्र किया। संजय सिंह ने कहा कि यदि जांच के घेरे में आए लोग ही महत्वपूर्ण पदों पर बने रहेंगे तो जांच की निष्पक्षता पर सवाल उठेंगे। उन्होंने कहा, “जब सब इन्हीं के लोग हैं तो चोरी कैसे रुकेगी?” साथ ही मंदिर ट्रस्ट की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता की मांग की।
इस दौरान संजय सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से जुड़े एआई वीडियो विवाद को लेकर भी भाजपा पर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि एआई वीडियो के जरिए राजनीति की शुरुआत भाजपा ने की थी और अब विपक्ष से जुड़े वीडियो सामने आने पर भाजपा आपत्ति जता रही है।