◆ संतों के कारसेवा के ऐलान पर बोले कैबिनेट मंत्री– श्रीकृष्ण जन्मभूमि की लड़ाई में यदुवंशियों को आगे आना चाहिए
अयोध्या। फूलन देवी की जयंती के अवसर पर निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री संजय निषाद अयोध्या पहुंचे। सर्किट हाउस में निषाद पार्टी के कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने मथुरा स्थित श्रीकृष्ण जन्मभूमि को लेकर संतों की ओर से किए गए कार सेवा के ऐलान पर अपनी प्रतिक्रिया दी।
संजय निषाद ने कहा कि श्रीकृष्ण जन्मभूमि की लड़ाई में यदुवंशियों को आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि जिस तरह अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि को लेकर लंबे समय तक संघर्ष चला और अंततः वहां मंदिर निर्माण का मार्ग प्रशस्त हुआ, उसी तरह मथुरा में भी श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर मंदिर का निर्माण होना चाहिए।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि श्रीकृष्ण जन्मभूमि को खाली कराया जाना चाहिए। उन्होंने मंदिरों को तोड़कर बनाई गई मस्जिदों को लेकर भी अपनी बात रखी और कहा कि जहां-जहां मंदिर तोड़कर मस्जिदें बनाई गई हैं, उन्हें खाली कराया जाना चाहिए।
संजय निषाद ने अपने बयान के समर्थन में शरीयत का हवाला देते हुए कहा कि विवादित जगह पर नमाज नहीं पढ़ी जाती। उन्होंने कहा कि अयोध्या की तरह मथुरा में भी श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर मंदिर का निर्माण होना चाहिए।
आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर संजय निषाद ने कहा कि अयोध्या की कई विधानसभा सीटों पर निषाद पार्टी का अपना वोट बैंक है। उन्होंने कहा कि जो लोग चुनाव लड़ना चाहते हैं, वे निषाद पार्टी में शामिल हों, उन्हें टिकट दिया जाएगा।
हालांकि, 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा के साथ सीट बंटवारे को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने स्पष्ट जवाब देने से परहेज किया। उन्होंने पार्टी की राजनीतिक ताकत और अपने संगठन के विस्तार पर जोर देते हुए कहा कि निषाद समाज और पार्टी की राजनीतिक भागीदारी लगातार बढ़ रही है।