अंबेडकर नगर। साथियों का साथ मुश्किल घड़ी में कैसे सहारा बनता है, इसका उदाहरण शुक्रवार को तब देखने को मिला, जब सफाई कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों और कर्मचारियों ने अपने स्वर्गीय सहकर्मी दीप कुमार वर्मा के परिवार को 94 हजार 500 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की। बीते दिनों सफाई कर्मचारी दीप कुमार वर्मा का निधन हो गया था। उनके निधन के बाद सहकर्मियों ने आपसी सहयोग से यह राशि एकत्र की। शुक्रवार को सहायक विकास अधिकारी पंचायत दुर्गा प्रसाद पांडेय के नेतृत्व में संघ के पदाधिकारी पीड़ित परिवार के निवास स्थान रेवरी पहुंचे। यहां जिला अध्यक्ष शिवकुमार मौर्य, ब्लॉक अध्यक्ष सोमनाथ कन्नौजिया और रामप्रीत की अगुवाई में मृतक की पत्नी को यह अहेतुक सहायता राशि सौंपी गई। इस दौरान पदाधिकारियों ने परिजनों को ढांढस बंधाया और हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। इस दौरान न्याय पंचायत प्रभारी विजय कुमार, साधूराम, विनोद कुमार राजभर, राजेंद्र प्रसाद, राधेश्याम, भोलेनाथ वर्मा, मंगल कुमार, ओमप्रकाश वर्मा, हृदय राम पाल, शिव बहादुर वर्मा, पारसनाथ सक्सेना, शिवपूजन, लालजी राव सहित कई कर्मचारी उपस्थित रहे।