Saturday, August 22, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअम्बेडकर नगरअफवाहों से गैस एजेंसियों पर लगी लंबी कतारें, प्रशासन ने कहा—कहीं नहीं...

अफवाहों से गैस एजेंसियों पर लगी लंबी कतारें, प्रशासन ने कहा—कहीं नहीं है कमी


जलालपुर, अंबेडकर नगर। अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच चल रहे युद्ध को लेकर पेट्रोलियम और गैस की संभावित कमी की अफवाहों का असर अब स्थानीय स्तर पर भी देखने को मिल रहा है। शासन और जिला प्रशासन द्वारा गैस की पर्याप्त उपलब्धता का स्पष्टीकरण दिए जाने के बावजूद क्षेत्र की गैस एजेंसियों के बाहर उपभोक्ताओं की लंबी कतारें लग रही हैं। हालात यह हैं कि भोर से ही सैकड़ों की संख्या में लोग खाली सिलेंडर लेकर एजेंसियों के बाहर लाइन में खड़े दिखाई दे रहे हैं।

जानकारी के अनुसार अफवाहों के कारण कई उपभोक्ताओं ने एहतियात के तौर पर एडवांस में गैस सिलेंडर भरवाकर घर में रखने की कोशिश शुरू कर दी है। इसका असर यह हुआ कि जलालपुर क्षेत्र के मंगुराडीला स्थित इंडियन गैस एजेंसी, भारत गैस एजेंसी, नगपुर के भारत गैस एजेंसी, रफीगंज सहित अन्य गैस एजेंसियों पर अचानक भीड़ बढ़ गई है। दिनभर एजेंसियों के बाहर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

उधर उपभोक्ताओं का आरोप है कि कुछ गैस एजेंसियों पर तैनात कर्मचारी मनमाने तरीके से सिलेंडर वितरण कर रहे हैं। कतार में लगे कई लोगों का कहना है कि घंटों इंतजार के बाद भी उन्हें सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है, जबकि कुछ लोगों को बिना लाइन के ही गैस दे दी जा रही है। इसे लेकर उपभोक्ताओं और एजेंसी कर्मचारियों के बीच नाराजगी भी बढ़ती जा रही है।

लंबी कतारों और अफवाहों के बीच गैस की कालाबाजारी की चर्चाओं ने भी लोगों की बेचैनी बढ़ा दी है। इसी दौरान एजेंसी परिसर और बाहर कतार में खड़े उपभोक्ताओं के बीच कई बार कहासुनी और धक्का-मुक्की की स्थिति भी बन गई, जिससे माहौल कुछ समय के लिए तनावपूर्ण हो गया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन को एजेंसियों पर व्यवस्था सख्त करानी चाहिए, ताकि उपभोक्ताओं को समय से गैस मिल सके और कालाबाजारी या मनमानी वितरण की आशंकाओं पर रोक लगाई जा सके।

इस संबंध में पूर्ति निरीक्षक जलालपुर डॉ. अमरदेव भास्कर ने बताया कि क्षेत्र में कहीं भी गैस की कमी नहीं है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक रूप से गैस सिलेंडर जमा न करें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments