Saturday, November 21, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअम्बेडकर नगर50 हजार रुपये नकद और डेढ़ लाख देने के आश्वासन पर समाप्त...

50 हजार रुपये नकद और डेढ़ लाख देने के आश्वासन पर समाप्त हुआ जाम


जैतपुर, अंबेडकर नगर। जैतपुर थाना क्षेत्र में बोलेरो की टक्कर से घायल बैटरी ऑटो रिक्शा चालक अशोक मौर्य (53) की उपचार के दौरान मौत के बाद शुक्रवार सुबह आक्रोशित ग्रामीणों ने नेवादा-रामगढ़ मार्ग पर रैदा मोड़ के पास शव रखकर जाम लगा दिया। ग्रामीण दुर्घटना में शामिल बोलेरो चालक को मौके पर बुलाने और उच्चाधिकारियों से वार्ता कराने की मांग कर रहे थे। चालक पक्ष की ओर से दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने पर सहमति बनने के बाद जाम समाप्त हुआ। इसमें 50 हजार रुपये नकद दिए गए, जबकि शेष डेढ़ लाख रुपये बाद में देने का आश्वासन दिया गया।

रेहता खुर्द निवासी अशोक मौर्य पुत्र रामरतन बुधवार देर शाम रामगढ़-फुलवरिया के बीच बोलेरो की टक्कर से घायल हो गए थे। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया था। लखनऊ मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान गुरुवार सुबह अशोक की मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद गुरुवार देर रात शव गांव पहुंचा। मृतक के पुत्र अभिषेक मौर्य की तहरीर पर जैतपुर पुलिस ने बोलेरो के पंजीकृत नंबर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।शुक्रवार सुबह ग्रामीणों ने शव रखकर सड़क जाम कर दिया। सूचना पर जैतपुर थानाध्यक्ष प्रेमचंद, जलालपुर क्षेत्राधिकारी अनूप कुमार सिंह, जलालपुर कोतवाल अजय प्रताप सिंह और कटका थानाध्यक्ष अक्षय कुमार पटेल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। समाजसेवी सिंधू मौर्य और पूर्व विधायक सुभाष राय ने भी ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। काफी मान-मनौव्वल के बाद बोलेरो चालक संतोष कुमार यादव पुत्र राम अचल यादव निवासी गोपरीचांदपुर की ओर से मृतक परिवार को दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने पर सहमति बनी। इसमें 50 हजार रुपये नकद दिए गए और शेष डेढ़ लाख रुपये बाद में देने का आश्वासन दिया गया। इसके बाद ग्रामीण जाम समाप्त करने और अंतिम संस्कार के लिए तैयार हुए।

मृतक अपने पीछे तीन पुत्र और एक पुत्री छोड़ गए हैं। सभी बच्चे अभी नाबालिग हैं। पिता की मौत से परिवार के सामने दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। जाम समाप्त होने के बाद परिजन शव को अंतिम संस्कार के लिए तमसा नदी स्थित अमोला घाट ले गए।

जैतपुर थानाध्यक्ष प्रेमचंद ने बताया कि दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से सुलह-समझौता कर लिया है। परिजन शव लेकर अंतिम संस्कार के लिए चले गए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments