◆ प्रत्येक गांव में कैंप लगाकर शेष किसानों की रजिस्ट्री शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश
अम्बेडकरनगर। कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में फार्मर रजिस्ट्री से संबंधित एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक डीआरडीए, उप कृषि निदेशक, संबंधित विभागीय अधिकारी, कृषकगण तथा सीएससी संचालकगण उपस्थित रहे। वहीं, समस्त उप जिलाधिकारी एवं खंड विकास अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।
बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि फार्मर रजिस्ट्री कृषि विभाग की एक अत्यंत महत्वपूर्ण योजना है, जिसके अंतर्गत किसानों के समस्त विवरण डिजिटल माध्यम से संकलित किए जा रहे हैं। यह कार्य किसानों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए अत्यावश्यक है।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि जनपद में जिन किसानों की रजिस्ट्री अभी तक नहीं हो सकी है, उनकी फार्मर रजिस्ट्री शीघ्र सुनिश्चित की जाए। इसके लिए प्रत्येक गांव में कैंप लगाकर, डोर-टू-डोर संपर्क के माध्यम से अथवा सीएससी केंद्रों के जरिए पंजीकरण अभियान चलाया जाए।
उन्होंने सभी उप जिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने तहसील क्षेत्रों में सीएससी संचालकों के साथ बैठक कर कार्य की नियमित समीक्षा करें। साथ ही सीएससी केंद्रों पर आने वाले हर पात्र किसान की फार्मर रजिस्ट्री नियमों के अनुसार कराना सुनिश्चित किया जाए, ताकि कोई भी किसान योजनाओं के लाभ से वंचित न रह जाए। जिलाधिकारी ने शत प्रतिशत फार्मर रजिस्ट्री का कार्य समयबद्ध ढंग से पूरा करने का निर्देश देते हुए कहा कि कार्य की नियमित समीक्षा और मॉनिटरिंग की जाए, जिससे रजिस्ट्री कार्य में किसी प्रकार की शिथिलता न हो