◆ 20 फीट ऊंचाई पर है राम दरबार, 40 सीढ़ियां चढ़ने पर मिलेगा दर्शन
◆ घुटनों के मरीजों को होने वाली दिक्कत को ध्यान में रखते हुए लिया गया निर्णय
◆ ट्रस्ट महासचिव बोले, अब मंदिर निर्माण पूर्णता की ओर
अयोध्या । अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर का निर्माण कार्य तेजी से पूर्णता की ओर अग्रसर है। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने कारसेवकपुरम स्थित भारत कल्याण प्रतिष्ठान में पत्रकारों को बताया कि मंदिर निर्माण अपने अंतिम चरण में है और मौसम अनुकूल रहा तो शेष कार्य जल्द पूरे हो जाएंगे। मंदिर के प्रथम तल पर भगवान राजाराम का राम दरबार 20 फीट की ऊंचाई पर विराजमान है, जहां 40 सीढ़ियां चढ़कर दर्शन किए जा सकते हैं। घुटने के रोगियों की सुविधा के लिए ट्रस्ट ने लिफ्ट निर्माण की योजना बनाई है, जिसे एलएंडटी कंपनी कार्यान्वित कर रही है। बेंगलुरु की एक घटना से सबक लेते हुए ट्रस्ट धैर्यपूर्वक और सुरक्षित निर्माण पर जोर दे रहा है। बता दें कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गंगा दशहरा के अवसर पर मंदिर के प्रथम तल पर राजा राम को विराजमान कराया था।
2026 तक पूरे होंगे द्वार के निर्माण
चंपत राय ने बताया कि मंदिर परिसर में चार दिशाओं में प्रवेश द्वार बनाए जा रहे हैं। उत्तर दिशा में जैन मंदिर के पास और युसुफ आरा मशीन के पास क्रासिंग 11 पर द्वार निर्माण प्रगति पर है। प्रथम प्रवेश द्वार 11 से होगा, जबकि क्षीरेश्वर नाथ मंदिर के पास क्रासिंग 3 पर एक और द्वार बनेगा। दक्षिण दिशा में ट्रस्ट कार्यालय, सभागार और विश्रामगृह का निर्माण राजकीय निर्माण निगम द्वारा किया जा रहा है, जो 2026 तक पूरा होगा।
परकोटे के मंदिर में अभी दर्शन की अनुमति नहीं
70 एकड़ के परिसर को घेरने वाली चार किलोमीटर लंबी बाउंड्री वाल का डिजाइन इंजीनियर्स इंडिया लिमिटेड तैयार करेगा, जिसकी सुरक्षा जांच के बाद निर्माण शुरू होगा। सरयू तट पर रामकथा संग्रहालय के जीर्णोद्धार का कार्य भी तेजी से चल रहा है। परकोटे के मंन्दिरों में दर्शन की अनुमति अभी निर्माण कार्यों के कारण नहीं दी गई है।
निर्माण से जुड़े लोग भी पहुंचे थे कार्यक्रम में
मंदिर निर्माण में योगदान देने वालों को द्वितीय प्राण प्रतिष्ठा समारोह में यजमान के रूप में आमंत्रित किया गया। इनमें मूर्तिकार सत्य नारायण पांडेय, शेषावतार की प्रतिमा बनाने वाले केशव, गोविंद शर्मा, आशीष सोमपुरा, नरेश मालवीय, परेश सिम्प्यूट, विनोद मेहता और विनोद शुक्ल जैसे कारीगर शामिल थे। समारोह में मध्य प्रदेश के साधु नर्मदानंद जी महाराज सहित विभिन्न समाजों का प्रतिनिधित्व रहा।
मुख्यमंत्री को पहनाई तमिलनाडु की माला
ट्रस्ट महासचिव चंपत राय ने बताया कि 5 जून को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का जन्मदिन पर समाज के लोगों ने उन्हें तमिलनाडु से लाई गई विशेष माला, छोटे फूलों और इलायची दानों का मुकुट, 24 कैरेट सोने से बना राम जन्मभूमि मंदिर का मॉडल और 53 किलो का लड्डू भेंट किया। यह आयोजन अयोध्या में मुख्यमंत्री की धार्मिक और सांस्कृतिक योगदान के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक बना।
राम दरबार के दर्शन में जारी होगा पास, मिलेगा निशुल्क
राम मंदिर में राजा राम की प्राण प्रतिष्ठा के बाद राम मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्र ने बताया कि राम मंदिर में कुल 45 किलो सोने का इस्तेमाल हुआ है।टैक्स को छोड़कर इसका मूल्य लगभग 50 करोड रुपए है। सोने का कार्य अभी शेषावतार मंदिर में चल रहा है। भूतल के सभी दरवाजों में स्वर्ण का कार्य किया गया है। सिंहासन में भी स्वर्ण का कार्य हुआ है। राम मंदिर का निर्माण पूरा हो चुका है। राम मंदिर परिसर में कुछ ऐसे कार्य हैं जो दिसंबर 2025 तक पूरे हो जाएंगे। संग्रहालय सभागार और गेस्ट हाउस का निर्माण कार्य जारी है। राजाराम के दरबार में अभी इतने श्रद्धालु दर्शन नहीं कर सकते। उसकी अभी व्यवस्था करनी है। राम दरबार के दर्शन में पास जारी किया जाएगा, हालांकि पास निशुल्क होगा।