अम्बेडकरनगर। लोक जनशक्ति पार्टी ने संगठन को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए राजीव कुमार तिवारी को कटेहरी विधानसभा अध्यक्ष मनोनीत किया है। उनके मनोनयन की घोषणा पार्टी के जिलाध्यक्ष रमेश कुमार वर्मा द्वारा जारी पत्र के माध्यम से की गई।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि राजीव तिवारी के संगठन में सक्रिय योगदान और कार्यकुशलता को देखते हुए उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि राजीव तिवारी पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों को गांव-गांव तथा जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करेंगे।
नवनियुक्त विधानसभा अध्यक्ष राजीव कुमार तिवारी ग्राम भारीडीहा, थाना इब्राहिमपुर क्षेत्र के निवासी हैं। उनके मनोनयन की सूचना पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ-साथ जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन को भी भेज दी गई है।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष ने कहा कि राजीव तिवारी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के नेतृत्व में संगठन को नई मजबूती प्रदान करने का कार्य करेंगे।
राजीव तिवारी के मनोनयन की खबर मिलते ही पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखा गया। कार्यकर्ताओं ने उन्हें बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में कटेहरी विधानसभा क्षेत्र में पार्टी का जनाधार और अधिक मजबूत होगा।