Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या जिला अस्पताल की लैब पर उठे सवाल, एक ही व्यक्ति की दो...

जिला अस्पताल की लैब पर उठे सवाल, एक ही व्यक्ति की दो रिपोर्ट में अलग ब्लड ग्रुप

0

अयोध्या। जिला अस्पताल की पैथोलॉजी लैब एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। देवकाली क्षेत्र निवासी अनुज श्रीवास्तव की ब्लड जांच की दो अलग-अलग रिपोर्ट में भिन्न ब्लड ग्रुप दर्ज होने से जांच प्रणाली की विश्वसनीयता पर गंभीर प्रश्न खड़े हो गए हैं। मामले को लेकर संबंधित व्यक्ति ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी से शिकायत करने की बात कही है।

जानकारी के अनुसार अनुज श्रीवास्तव ने इस वर्ष अमरनाथ यात्रा के लिए अनिवार्य स्वास्थ्य परीक्षण के तहत जिला अस्पताल में जांच कराई थी। 13 अप्रैल 2026 को मिली रिपोर्ट में उनका ब्लड ग्रुप ‘ओ पॉजिटिव’ दर्शाया गया। जबकि इससे पहले 12 अप्रैल 2025 को इसी अस्पताल की लैब से जारी रिपोर्ट में उनका ब्लड ग्रुप ‘ए पॉजिटिव’ अंकित था। एक ही व्यक्ति की दो अलग-अलग रिपोर्ट में अंतर सामने आने से लैब की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।

अनुज श्रीवास्तव का कहना है कि ऐसी त्रुटि गंभीर परिणाम ला सकती है, विशेषकर अमरनाथ यात्रा जैसे दुर्गम मार्ग पर, जहां आपात स्थिति में मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर ही उपचार किया जाता है। उन्होंने आशंका जताई कि गलत ब्लड ग्रुप के आधार पर यदि रक्त चढ़ाया गया तो यह जानलेवा साबित हो सकता है।

उन्होंने इसे गंभीर लापरवाही बताते हुए कहा कि वह पूरे प्रकरण की लिखित शिकायत मुख्य चिकित्सा अधिकारी से करेंगे, ताकि जांच में हुई चूक की जिम्मेदारी तय हो सके और भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version