अयोध्या । चौदहकोसी और पंचकोसी परिक्रमा में आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की कवायद शुरू हो गई है। जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने शुक्रवार को प्रस्तावित जन सुविधा केंद्रों के लिए चयनित स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार भी मौजूद रहे।
जिलाधिकारी ने चौदहकोसी और पंचकोसी परिक्रमा मार्ग पर यूनिवर्सल एकेडमी, श्मशान घाट तिराहा, जज कॉलोनी के सामने सहादतगंज, आसिफ बाग तिराहा और जिलाधिकारी आवास के पीछे सहित अन्य चयनित स्थानों का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से जन सुविधा केंद्रों के निर्माण के लिए उपलब्ध भूमि, पहुंच मार्ग और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जन सुविधा केंद्रों का निर्माण श्रद्धालुओं की जरूरतों को ध्यान में रखकर कराया जाए। यहां स्वच्छ पेयजल, शौचालय, विश्राम स्थल समेत अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाए।
उन्होंने कहा कि परिक्रमा मार्ग पर जन सुविधा केंद्रों के लिए स्थान का चयन इस तरह किया जाए कि धार्मिक आयोजनों और परिक्रमा के दौरान श्रद्धालुओं को सुविधाएं आसानी से मिल सकें और आवागमन भी प्रभावित न हो। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को चयनित स्थलों पर आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।