◆ 19 मार्च को सुबह 11 बजे राम मंदिर परिसर पहुंचेंगी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू
अयोध्या। राम मंदिर परिसर में चल रही भवन निर्माण समिति की तीन दिवसीय बैठक के दूसरे दिन समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्रा ने मंदिर निर्माण और आगामी कार्यक्रमों को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बैठक में मुख्य रूप से महामहिम राष्ट्रपति के प्रस्तावित अयोध्या दौरे की तैयारियों और कार्यक्रम की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई।
नृपेंद्र मिश्रा ने बताया कि राम मंदिर परिसर में अब केवल दो प्रमुख निर्माण कार्य शेष हैं, जिनमें हुतात्मा स्मारक और अस्थायी मंदिर का निर्माण शामिल है। बाकी अधिकांश निर्माण कार्य पूरे हो चुके हैं और उन्हें चरणबद्ध तरीके से राम मंदिर ट्रस्ट को हैंडओवर करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
उन्होंने कहा कि अब मंदिर परिसर में निर्माण कार्यों के संचालन और रखरखाव की व्यवस्था ट्रस्ट के लिए मुख्य चुनौती होगी। इसको लेकर कार्यदायी संस्थाओं के साथ अलग-अलग अनुबंध किए गए हैं, जिनके तहत तीन से पांच वर्षों तक रखरखाव का दायित्व संबंधित संस्थाओं के पास रहेगा। रामलला के सूर्य तिलक की व्यवस्था के लिए वैज्ञानिक संस्थान केंद्रीय बिल्डिंग रिसर्च यूनिट तथा सहयोगी कंपनी ऑप्टिका के साथ दस वर्षों का अनुबंध किया गया है, ताकि हर वर्ष रामनवमी पर सूर्य की किरणों से भगवान रामलला के ललाट का तिलक सुनिश्चित हो सके।



