अंबेडकर नगर। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत शनिवार को अकबरपुर स्थित शिवबाबा धाम में 312 जोड़े वैवाहिक बंधन में बंधेंगे। कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपते हुए सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कराने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम को सुव्यवस्थित और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला ने परियोजना निदेशक, जिला ग्राम्य विकास अभिकरण को नोडल अधिकारी नामित किया है। वहीं, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/उपजिलाधिकारी को कानून-व्यवस्था और सुरक्षा की जिम्मेदारी सौंपी गई है। मंच, स्वागत, विवाह मंडप, भोजन पंडाल, साज-सज्जा, सामग्री वितरण और स्वच्छता सहित अन्य व्यवस्थाओं के लिए संबंधित अधिकारियों को दायित्व सौंपे गए हैं।
कार्यक्रम स्थल पर पेयजल, मोबाइल टॉयलेट, अग्निशमन व्यवस्था और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए हैं। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच के लिए भी अधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है। स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए चिकित्सक और पैरामेडिकल स्टाफ की तैनाती के साथ मोबाइल मेडिकल वैन की व्यवस्था रहेगी। यातायात और सुरक्षा व्यवस्था के लिए पर्याप्त संख्या में महिला एवं पुरुष पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी।
मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि विवाह समारोह में शामिल होने वाले 312 जोड़ों और उनके परिजनों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम स्थल पर भोजन, पेयजल, चिकित्सा, सुरक्षा, यातायात और स्वच्छता की व्यवस्थाएं बेहतर होनी चाहिए।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत शासन की ओर से प्रत्येक जोड़े पर एक लाख रुपये की धनराशि निर्धारित है। इसमें 64 हजार रुपये लाभार्थी के खाते में डीबीटी के माध्यम से भेजे जाते हैं, जबकि 21 हजार रुपये का दैनिक उपयोगी सामान दिया जाता है। शेष 15 हजार रुपये बारातियों व परिजनों के स्वागत-सत्कार, भोजन, नाश्ता, टेंट आदि व्यवस्थाओं पर खर्च किए जाते हैं।
जिलाधिकारी के निर्देश पर जिला प्रशासन ने कार्यक्रम को गरिमापूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। प्रशासन की ओर से कार्यक्रम स्थल पर व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जा रही है।