Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अम्बेडकर नगर जनगणना 2027 की तैयारी तेज, जलालपुर में सुपरवाइजरों का प्रशिक्षण, खाद्य सुरक्षा...

जनगणना 2027 की तैयारी तेज, जलालपुर में सुपरवाइजरों का प्रशिक्षण, खाद्य सुरक्षा पर सख्ती

0
ayodhya samachar

जलालपुर, अंबेडकर नगर। आगामी जनगणना  को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में क्षेत्र के सरदार पटेल पीजी कॉलेज, बड़ा गांव में सुपरवाइजर व प्रभारियों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम गंभीरता के साथ आयोजित किया गया।

प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों ने प्रतिभागियों को जनगणना कार्य की रूपरेखा, घर-घर सर्वे की प्रक्रिया, डिजिटल डाटा एंट्री और गोपनीयता बनाए रखने जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से जानकारी दी। साथ ही निर्देश दिए गए कि कार्य समयबद्ध और त्रुटिरहित ढंग से पूरा किया जाए।

वहीं, प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान खाद्य सुरक्षा मानकों को लेकर भी सख्ती देखने को मिली। खाद्य सुरक्षा अधिकारी ओमप्रकाश ने मौके पर पहुंचकर भोजन और नाश्ते की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि खुले में बने खाद्य पदार्थ जैसे पकोड़े व समोसे वितरित न किए जाएं, बल्कि केवल पैकेटबंद या दोना-पत्तल में सुरक्षित खाद्य सामग्री ही उपलब्ध कराई जाए।

निरीक्षण के दौरान ब्रेड, दाल, चावल, अचार सहित अन्य खाद्य सामग्री की गुणवत्ता, स्वच्छता और भंडारण की स्थिति की जांच की गई। दाल का नमूना लेकर जांच के लिए खाद्य विश्लेषण प्रयोगशाला, आगरा भेजा गया है।

अधिकारियों ने साफ किया कि रिपोर्ट में किसी प्रकार की मिलावट या मानकों के उल्लंघन की पुष्टि होने पर संबंधित के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने कहा कि जनस्वास्थ्य से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। इस दौरान लेखपाल धर्मेंद्र सिंह सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने स्वच्छता, पेयजल, बैठने की व्यवस्था समेत सभी मूलभूत सुविधाएं मानक के अनुरूप रखने के निर्देश दिए।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version