Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अम्बेडकर नगर रविवार को होने वाली नीट परीक्षा हेतु तैयारियां पूरी

रविवार को होने वाली नीट परीक्षा हेतु तैयारियां पूरी

0

◆ 4848 अभ्यर्थी 11 परीक्षा केंद्रों पर देंगें परीक्षा


अम्बेडकरनगर। जिलाधिकारी श्रीमती ईशा प्रिया ने कलेक्ट्रेट सभागार में आगामी रविवार को जनपद के 11 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होने वाली नीट परीक्षा को सकुशल एवं सुचितापूर्ण ढंग से संपन्न कराए जाने के तैयारियों की समीक्षा हेतु परीक्षा ड्यूटी में लगाए गए जोनल, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापकों , पर्यवेक्षकों एवं अन्य संबंधित अधिकारियों के साथ के साथ बैठक की । बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा केंद्र के भीतर किसी भी प्रकार की अनैतिक गतिविधियों को रोकने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जाएं और अभ्यर्थियों की गहन जांच सुनिश्चित की जाए।
बैठक में परीक्षा केंद्र के भीतर वर्जित वस्तुओं की विस्तृत सूची साझा करते हुए वी के यादव प्राचार्य नवोदय विद्यालय जो नीट 2026 को संपन्न कराने के लिए एनटीए के तरफ से सिटी कोआर्डिनेटर हैं ने एवं जिला विद्यालय निरीक्षक ने अवगत कराया कि किसी भी परिस्थिति में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जैसे मोबाइल फोन, ब्लूटूथ डिवाइस, इयरफोन, पेजर, स्मार्ट वॉच, कैलकुलेटर और पेन ड्राइव आदि ले जाना सख्त मना है। इसके अतिरिक्त, स्टेशनरी मदों में ज्यामिति या पेंसिल बॉक्स, प्लास्टिक पाउच, लिखने के पैड, स्केल, इरेज़र और किसी भी प्रकार की लिखित सामग्री पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। व्यक्तिगत सामान जैसे वॉलेट, हैंडबैग, बेल्ट, टोपी, बड़े चश्मे और किसी भी प्रकार के धातु की वस्तुएं पहनकर आने की अनुमति नहीं होगी। परीक्षार्थियों को यह भी सूचित किया गया है कि वे अपने साथ पेन न लाएं, परीक्षा केंद्र पर पेन उपलब्ध कराए जाएंगे। खाद्य पदार्थ और पानी की बोतलें (पारदर्शी बोतल को छोड़कर) भी प्रतिबंधित हैं। जिलाधिकारी ने कहा कि यदि कोई अभ्यर्थी इन प्रतिबंधित वस्तुओं के साथ पाया जाए, तो उसे अनुचित साधन का दोषी मानते हुए उसके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि आगामी तीन मई को अपराह्न दो बजे से पांच बजे तक जनपद के 11 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होने वाली नीट परीक्षा में कुल 4848 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। परीक्षा केंद्रों पर 11 बजे पूर्वाह्न से एक बजकर तीस मिनट तक प्रवेश दिया जाएगा। इसके बाद परीक्षा केंद्रों के मुख्यद्वार बंद हो जायेंगे।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि यह एक अत्यंत महत्वपूर्ण परीक्षा है। अतः परीक्षा से संबंधित समस्त गतिविधियों, प्रक्रियाओं एवं दिशा-निर्देशों का भली-भांति अध्ययन कर लिया जाए तथा उनका अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करते हुए परीक्षा को सकुशल एवं निर्विघ्न रूप से संपन्न कराया जाए। उन्होंने सभी जोनल, स्टेटिक मजिस्ट्रेटों एवं केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देशित किया कि वे परीक्षा केंद्रों का पुनः भ्रमण कर सभी आवश्यक व्यवस्थाओं एवं सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करें। साथ ही, ड्यूटी में लगाए गए कक्ष निरीक्षकों को समुचित एवं प्रभावी ब्रीफिंग प्रदान करने और परीक्षा प्रक्रिया पूर्णतः व्यवस्थित एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी न्यायिक रंजीत सिंह, नोडल अधिकारी यथा ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/उपजिलाधिकारी अकबरपुर प्रतीक्षा सिंह, उपजिलाधिकारी टांडा, उपजिलाधिकारी भीटी सहित प्रधानाचार्य नवोदय विद्यालय वीरेंद्र यादव, समस्त स्टेटिक मजिस्ट्रेट, ऑब्जर्वर एवं केंद्र व्यवस्थापक आदि उपस्थित रहे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version